देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में पिछले पांच साल में 350 से अधिक फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग हुई: उपराज्यपाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में पिछले पांच वर्षों में यहां के प्राकृतिक रूप से मनोहारी स्थानों पर 350 से अधिक फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग की गई है।
जम्मू, 23 मार्च केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में पिछले पांच वर्षों में यहां के प्राकृतिक रूप से मनोहारी स्थानों पर 350 से अधिक फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग की गई है।
उपराज्यापल ने कहा कि शांति समग्र विकास की कुंजी है।
उन्होंने स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए समर्पित लघु फिल्म महोत्सव ‘तवी फिल्मोत्सव’ का यहां उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं।
उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘पिछले पांच साल में, खासतौर पर 2021 में नयी फिल्म नीति बनने के बाद जम्मू-कश्मीर में 350 से अधिक फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग हुई है। जब शांति होती है तो इससे समग्र विकास होता है और इस प्रकार के कार्यक्रम भी होते हैं।’’
सिन्हा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि जम्मू-कश्मीर ने एक बार फिर फिल्म निर्माण में अपना स्थान पाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच वर्षों में शांति और विकास के हमारे प्रयासों ने जम्मू-कश्मीर को हिंदी, क्षेत्रीय और विदेशी फिल्मों की शूटिंग के लिए और अधिक आकर्षक स्थान बना दिया है।’’
सिन्हा ने कहा कि नयी फिल्म नीति बदलते समय के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए तैयार की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘सिनेमा शिक्षा का एक प्रभावी और सामाजिक परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम है। मैं चाहता हूं कि हमारी स्थानीय प्रतिभाएं मनोरंजन और सामाजिक सरोकार के बीच संतुलन बनाए रखें और इस शक्तिशाली माध्यम का उपयोग समाज के लाभ और सामाजिक परिवर्तन के लिए करें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)