एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जम्मू से 2,100 से अधिक तीर्थ यात्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए रवाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 2,100 से अधिक तीर्थ यात्रियों का एक नया जत्था मंगलवार को दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ।

देश की खबरें | जम्मू से 2,100 से अधिक तीर्थ यात्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए रवाना

जम्मू, 26 जुलाई जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 2,100 से अधिक तीर्थ यात्रियों का एक नया जत्था मंगलवार को दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रियों का 26वां जत्था मंगलवार को सुबह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा के बीच 73 वाहनों के काफिले से पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ।

उन्होंने बताया कि 26वें जत्थे में कुल 2,189 तीर्थ यात्री शामिल हैं, जो इस साल अमरनाथ यात्रा पर आए किसी भी जत्थे के मुकाबले सबसे कम हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, बालटाल जा रहे 815 तीर्थ यात्रियों ने 23 वाहनों में सवार होकर सबसे पहले जम्मू स्थित आधार शिविर छोड़ा। इसके बाद 1,374 तीर्थ यात्रियों वाला 49 वाहनों का दूसरा काफिला पहलगाम के लिए रवाना हुआ।

उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों में अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, इसकी वजहें फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।

43 दिन लंबी वार्षिक अमरनाथ यात्रा बीते 30 जून को दो प्रमुख मार्गों (दक्षिण कश्मीर का 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल का 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग) से शुरू हुई थी।

अधिकारियों के अनुसार, इस साल अब तक 2.30 लाख से अधिक तीर्थ यात्री पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1,37,774 तीर्थ यात्री 29 जून से भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा पर रवाना हो चुके हैं।

अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के मौके पर समाप्त होगी।

अधिकारियों के मुताबिक, इस बार अमरनाथ यात्रा के दौरान कुल 36 तीर्थ यात्रियों की मौत हुई है। वहीं, 15 अन्य तीर्थ यात्रियों को एक जुलाई को पवित्र गुफा के पास अचानक आई बाढ़ में अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2022 01:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).