ताजा खबरें | बंगाल की आठ लोकसभा सीट पर सुबह नौ बजे तक 16 प्रतिशत से अधिक मतदान

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत पश्चिम बंगाल के आठ क्षेत्रों में शनिवार को सुबह नौ बजे तक 16.54 प्रतिशत मतदान हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कोलकाता, 25 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत पश्चिम बंगाल के आठ क्षेत्रों में शनिवार को सुबह नौ बजे तक 16.54 प्रतिशत मतदान हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

तमलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और बिष्णुपुर निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

अधिकारी ने बताया कि तमलुक में सबसे अधिक 19.07 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद बिष्णुपुर में 18.56 प्रतिशत, घाटल में 18.27 प्रतिशत, बांकुड़ा में 17.69 प्रतिशत, झाड़ग्राम में 16.22 प्रतिशत, कांथी में 15.45 प्रतिशत, मेदिनीपुर में 14.58 प्रतिशत और पुरुलिया में 12.68 प्रतिशत मतदान हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं मिली है।’’

उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजकर 55 मिनट तक पश्चिम बंगाल के निर्वाचन कार्यालय को 364 शिकायत मिलीं।

राज्य में 73,63,273 पुरुषों, 71,70,822 महिलाओं और 133 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाताओं समेत कुल 1,45,34,228 मतदाता 15,600 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं।

अधिकारी ने बताया कि 79 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें बांकुड़ा और झाड़ग्राम में सबसे अधिक 13-13 उम्मीदवार हैं। इसके बाद पुरुलिया (12) और मेदिनीपुर एवं तमलुक में नौ-नौ उम्मीदवार हैं।

उन्होंने बताया कि बिष्णुपुर और घाटल सीट पर सात-सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में बांग्ला अभिनेता देव और कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय शामिल हैं।

इस चरण में 29,000 से अधिक राज्य पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय बलों की कुल 919 कंपनी तैनात की गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\