देश की खबरें | राजस्थान में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित 1500 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं

जयपुर, 24 मार्च राजस्थान में एक सप्ताह में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित 1500 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सीविजिल ऐप पर दर्ज कुल 1515 शिकायतों में से 546 का समाधान निर्धारित समय में किया गया है और 16 मार्च को लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से हर दिन 200 से ज्यादा शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 7 दिन में प्राप्त 1515 शिकायतों में से 546 शिकायतें निर्वाचन अधिकारियों ने सही पाईं और उनका तय समय सीमा में निस्तारण किया गया। जांच दलों और निर्वाचन अधिकारियों ने छह शिकायतों पर अभी फैसला नहीं लिया है। 789 शिकायतें हटा दी गयीं।’’

गुप्ता ने बताया कि सीविजिल ऐप पर आदर्श आचार संहिता से संबंधित सर्वाधिक 241 शिकायतें टोंक जिले से प्राप्त हुईं, इनमें से 218 शिकायतें सही पाई गईं और तय समय में उनका समाधान कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समाधान अधिकतम 100 मिनट की समय सीमा में किया जाता है, टोंक जिले में शिकायतों के निस्तारण में औसतन 7 मिनट 12 सेकंड का समय लगा।

गुप्ता ने कहा कि इसी प्रकार चूरू जिले में छह शिकायतों का निस्तारण औसतन 6 मिनट 16 सेकंड में किया गया, जबकि हनुमानगढ़ जिले में छह शिकायतों का निस्तारण औसतन 2 मिनट 27 सेकंड में किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अवैध पोस्टरों और बैनरों को लेकर सर्वाधिक 642 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 459 शिकायतें सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि सीविजिल ऐप पर कोई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में जानकारी दे सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)