एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारत में 1,200 से अधिक पक्षियों की मौत, उप्र बर्ड फ्लू की पुष्टि वाला सातवां राज्य बना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के एक कुक्कुट पालन केंद्र में 900 पक्षियों सहित पूरे भारत में शनिवार को 1,200 से अधिक पक्षी मृत मिले। इसके साथ ही केंद्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है और अब इस बीमारी से संबंधित राज्यों की संख्या सात हो गई है।

देश की खबरें | भारत में 1,200 से अधिक पक्षियों की मौत, उप्र बर्ड फ्लू की पुष्टि वाला सातवां राज्य बना
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, नौ जनवरी महाराष्ट्र के एक कुक्कुट पालन केंद्र में 900 पक्षियों सहित पूरे भारत में शनिवार को 1,200 से अधिक पक्षी मृत मिले। इसके साथ ही केंद्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है और अब इस बीमारी से संबंधित राज्यों की संख्या सात हो गई है।

केंद्र ने कहा कि दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही वहां बर्ड फ्लू होने या न होने संबंधी कोई पुष्टि हो पाएगी।

जिन राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है, उनमें उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात हैं।

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बर्ड फ्लू की दहशत के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक लगा दी गई है तथा गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा।

यह उल्लेख करते हुए कि दिल्ली में अभी तक एवियन इन्फ्लुएंजा या बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला नहीं है, केजरीवाल ने कहा कि नमूने जालंधर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की मदद के लिए 24 घंटे काम करने वाली एक हेल्पलाइन शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘दिल्ली में अब तक बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला नहीं है। हमने लगभग 104 नमूने जालंधर स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं जिनकी रिपोर्ट परसों आएगी। दिल्ली सरकार रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक निर्णय करेगी।’’

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बर्ड फ्लू के प्रसार को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर कई कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में जीवित पक्षियों का आयात आज से पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा रहा है। गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार बर्ड फ्लू के संबंध में केंद्र द्वारा जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में उचित निगरानी तथा प्रसार को रोकने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीमों का गठन किया गया है जो जिलाधिकारियों के तहत काम करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशु विभाग के अधिकारी दिल्ली के सभी पक्षी बाजारों, वन्यजीव प्रतिष्ठानों तथा जलाशयों पर उचित निगरानी रख रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘टीम गाजीपुर कुक्कुट बाजार, शक्ति स्थल झील, भलस्वा झील, संजय झील, दिल्ली चिड़ियाघर, हौजखास गांव, पश्चिम विहार और द्वारका स्थित डीडीए पार्कों पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।’’

उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली से पक्षियों के मरने की खबरें भी आ रही हैं और संबंधित जिलों की त्वरित प्रतिक्रिया टीम स्थिति पर पर्याप्त निगरानी रख रही हैं।

अधिकारियों ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली के जसौला में एक जिला पार्क में पिछले तीन दिन में कम से कम 24 कौए मृत मिले हैं तथा प्रसिद्ध संजय झील में 10 बत्तखों की मौत हो गई है।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के एक अधिकारी ने कहा कि पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने मृत बत्तखों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं ताकि उनकी मौत के कारण का पता चल सके।

उन्होंने कहा कि कौओं की मौत के बारे में डीडीए ने दिल्ली सरकार के वन विभाग को सूचना दे दी है।

अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली में एहतियात के तौर पर संजय झील सहित चार मनोरंजन पार्कों को बंद कर दिया गया है क्योंकि वहां पिछले कुछ दिनों में अनेक पक्षी मृत मिले हैं।

महाराष्ट्र के परभणी जिले के मुरुम्बा गांव स्थित मुर्गी पालन केंद्र में 900 मुर्गियों की मौत हो गई है।

परभणी के जिलाधिकारी दीपक मुलगीकर ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है और जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 09, 2021 10:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).