एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में शुरुआती दो घंटों में 10 फीसदी से ज्यादा मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी की शिकायतों के बीच लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर सोमवार को शुरुआती दो घंटों में करीब 10.35 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

देश की खबरें | लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में शुरुआती दो घंटों में 10 फीसदी से ज्यादा मतदान

नयी दिल्ली, 13 मई पश्चिम बंगाल में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी की शिकायतों के बीच लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर सोमवार को शुरुआती दो घंटों में करीब 10.35 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

आंध्र प्रदेश की सभी 175 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीट पर भी मतदान जारी है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 5.7 फीसदी और पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 15.24 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

वहीं आंध्र प्रदेश में 9.05 फीसदी, बिहार में 10.18 फीसदी, झारखंड में 11.78 फीसदी, मध्य प्रदेश में 14.97 फीसदी, महाराष्ट्र में 6.45 फीसदी, ओडिशा में 9.23 फीसदी, तेलंगाना में 9.51 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 11.67 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ने ही ईवीएम में खराबी, एजेंटों को मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोकने और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को वोट डालने से रोकने या धमकाने का आरोप लगाते हुए शिकायतें दर्ज कराईं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक टीएमसी ने करीब 139 शिकायतें दर्ज कराईं जबकि भाजपा ने 35 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई हैं।

एक अधिकारी ने बताया, ''हमें 350 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 99 का निपटारा कर दिया गया। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में हमारे अधिकारी अन्य शिकायतों पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही उनका समाधान किया जाएगा।''

बहरामपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी और टीएमसी के उनके प्रतिद्वंद्वी पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान ने कहा कि जिस तरह से मतदान हो रहा है, उसे देखकर वह खुश हैं।

कृष्णानगर से टीएमसी उम्मीदवार महुआ मोइत्रा ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और वह खुद मतदान पर नजर रखने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरे पर जा रही हैं।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, फिल्म अभिनेता चिरंजीवी, अल्लू अर्जुन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और तेलुगु देशम पार्टी के सुप्रीमो एन. चंद्रबाबू नायडू जैसे दिग्गज चेहरों ने सुबह के समय मतदान किया।

किशन रेड्डी ने मतदान करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ''कुछ वरिष्ठ नागरिकों सहित कई मतदाताओं ने मतदान किया। बड़ी संख्या में लोग वोट देने के लिए निकल रहे हैं। मैं लोगों से अनुरोध कर रहा हूं कि वे आएं और लोकतंत्र व देश की सुरक्षा के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करें।''

ओवैसी ने कहा कि देश, किसी भी नागरिक से कहीं बढ़ कर है और लोगों को देश के लिए मतदान करना चाहिए।

उन्होंने कहा, ''देश किसी व्यक्ति से कहीं बढ़ कर है। किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि देश और पार्टी के लिए मतदान करें।''

जगन मोहन रेड्डी ने मतदान के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने पिछले पांच वर्षों के दौरान सबसे अच्छा शासन देखा है।

उन्होंने कहा, ''आपने शासन देखा है और अगर आपको लगता है कि इस सरकार से आपको फायदा हुआ है तो उस पार्टी को वोट करें, जो आपके भविष्य को उज्जवल बना सके।''

पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल प्रदीप वसंत नाइक ने महाराष्ट्र के पुणे में मतदान किया, हालांकि उनकी पत्नी मधुबाला का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था।

नाइक (75) अपनी पत्नी और 43 वर्षीय बेटे विनीत के साथ सोमवार को सुबह मतदान शुरू होते ही पुणे के सैपलिंग स्कूल बानेर रोड स्थित मतदान केंद्र-26 पर वोट डालने के लिए पहुंचे।

नाइक ने 'पीटीआई-' को बताया, ''मैंने और मेरे बेटे ने मतदान किया लेकिन मेरी पत्नी (72) का नाम मतदाता सूची में नहीं था। जब हमने यह बात वहां मौजूद अधिकारी को बताई तो उन्होंने कहा कि वह इसमें किसी प्रकार की मदद नहीं कर सकते।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2024 11:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).