देश की खबरें | भाजपा के शासन में अंग्रेजों से ज्यादा अत्याचार, इसकी नीति ‘मारो और राज करो’ की: अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा की नीति ‘‘मारो और राज करो’’ की है तथा इसने अत्याचार के मामले में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
झांसी (उप्र), तीन दिसंबर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा की नीति ‘‘मारो और राज करो’’ की है तथा इसने अत्याचार के मामले में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिन के दौरे पर आए यादव ने कहा कि भाजपा के शासन में समाज का हर तबका परेशान है।
उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इस सरकार ने अत्याचारों के मामले में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। सरकार का विरोध करने पर किसानों को वाहनों से कुचल दिया जाता है और इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। विरोध करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। इनकी (भाजपा की) नीति 'मारो' और राज करो' की है।’’
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस सरकार में फर्जी एनकाउंटर की बाढ़ आ गई है। इस मामले में एनएचआरसी (राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग) से सबसे अधिक नोटिस तक भाजपा को मिले हैं। जो मुख्यमंत्री अपने स्वयं के मुकदमे भी खुद ही वापस ले लेते हैं, उनसे आशा ही क्या की जा सकती है।’’
सपा प्रमुख राज्य में अगले साल के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपने ‘‘समाजवादी विजय रथ’’ के साथ उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में समाज का हर वर्ग परेशान है और यदि कोई सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है।
यादव ने कहा कि यहां पिछले चुनाव में बुंदेलखंड की जनता ने भाजपा को अपना पूरा समर्थन दिया था, फिर भी आज जनता के हाथ खाली हैं और क्षेत्र की खुशहाली के लिए सरकार ने कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया।
उन्होंने कहा कि अब बुंदेलखंड की जनता इनके झांसे को समझ गई है और अब उसने बुंदेलखंड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को खाली हाथ भेजने का मन बना लिया है। यादव ने कहा कि उनकी ‘‘विजय रथ’’ यात्रा को लोगों से पूरा समर्थन मिल रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि यह वही सीमावर्ती इलाका है जहां लॉकडाउन के समय गरीब मजदूर-किसान व साधारण जनता ने भूखे-प्यासे रहकर पुलिस की लाठियां खायी थीं और अंत में परेशान होकर लोग अवरोधक तोड़कर अपने घर जा सके थे। उन्होंने कहा कि ऐसे समय सरकार ने इन गरीबों को असहाय छोड़ दिया था और उस दौर में भी समाजवादियों ने ऐसे दुखी परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी थी।
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने दम पर कुछ भी ठोस करने के बजाय, पिछली सरकार के दौरान शुरू की गईं परियोजनाओं और कार्यों के नाम बदलने पर ध्यान दिया है।
उन्होंने कहा, "दुनिया की सबसे अच्छी (अपराध) प्रतिक्रिया प्रणाली डायल 100 को डायल 112 में बदलने के बाद, भाजपा ने इसे बर्बाद कर दिया। इसने बिजली बिल बढ़ाकर लोगों को झटका दिया है।"
सपा प्रमुख ने कहा, "इस सरकार ने भ्रष्टाचार और अपराध के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं... टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) के पेपर लीक मामले का मुख्य आरोपी मुख्यमंत्री के क्षेत्र का है और इसकी जांच होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को हटाने और सपा को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक सतीश जटारिया और कांग्रेस नेता विजय वर्मा सपा में शामिल हो गए।
बाद में, सपा प्रमुख ने झांसी-कानपुर मार्ग स्थित बड़ागांव, चिरगांव और मौठ में जनसभाओं को संबोधित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 03, 2021 04:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

