देश की खबरें | आमजन से अधिक से अधिक संवाद लोकतंत्र की सफलता का मूल मंत्र: योगी आदित्यनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि आमजन से अधिक से अधिक संवाद लोकतंत्र की सफलता का मूल मंत्र है।
गोरखपुर, (उप्र) 12 मई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि आमजन से अधिक से अधिक संवाद लोकतंत्र की सफलता का मूल मंत्र है।
आदित्यनाथ सोमवार को यहां सिविल लाइंस क्षेत्र में बने नगरीय सेवा केंद्र (अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर) और ‘सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर’ का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 14.22 करोड़ रुपये है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद के माध्यम से समस्याओं का निराकरण कर कारोबारी सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) और जीवन सुगमता (ईज ऑफ लिविंग) के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।
आदित्यनाथ ने ज़ोर देकर कहा, “हम जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं दे सकें, आमजन से अधिक से अधिक संवाद कर सकें, यही लोकतंत्र की सफलता का मूल है।”
आदित्यनाथ ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने सिविल लाइंस में बने नगरीय सेवा केंद्र और ‘सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर’ के लिए नगर निगम की तारीफ करते हुए कहा कि जब लोगों को नई सुविधाओं से आच्छादित करते हैं तो व्यापारियों के लिए कारोबारी सुगमता और आमजन के लिए जीवन सुगमता बढ़ती है।
आदित्यनाथ ने नगर निगम को मानसून से पहले आगाह भी किया।
उन्होंने कहा कि बरसात में कहीं भी जलजमाव न होने पाए, इसके लिए नगर निगम अभी से तैयारी शुरू कर दे और सभी नाले-नालियों की सफाई समय रहते कर ली जाए तथा प्लास्टिक पर प्रतिबंध को कड़ाई से लागू किया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2025 03:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

