छेड़छाड़ मामला : अदालत ने अभिनेता नवाजुद्दीन की पत्नी को जवाब देने के लिए दिया एक महीने का समय
यहां की विशेष पॉक्सो अदालत ने शनिवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की अलग रह रही पत्नी आलिया को अभिनेता और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ दायर छेड़छाड़ के मामले को बंद करने के वास्ते पुलिस द्वारा दाखिल अंतिम रिपोर्ट पर जवाब देने के लिए एक महीने का समय दिया।
मुजफ्फरनगर (उप्र), 7 अक्टूबर यहां की विशेष पॉक्सो अदालत ने शनिवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की अलग रह रही पत्नी आलिया को अभिनेता और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ दायर छेड़छाड़ के मामले को बंद करने के वास्ते पुलिस द्वारा दाखिल अंतिम रिपोर्ट पर जवाब देने के लिए एक महीने का समय दिया. अदालत ने 19 सितंबर को हुई पिछली सुनवाई में पुलिस द्वारा सिद्दीकी,उनकी मां मेहरुनिसा और भाइयों फैजुद्दीन, अयाजुद्दीन और मिनाजुद्दीन को क्लीन चिट देते हुए दाखिल अंतिम रिपोर्ट पर आलिया को नोटिस जारी किया था एवं सात अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा था.
पॉक्सो अदालत के विशेष न्यायाधीश रितेश सचदेवा ने शनिवार को जवाब के लिए आलिया को एक महीने का समय दिया और सुनवाई की अगली तारीख सात नवंबर 2023 तय कर दी. शासकीय अधिवक्ता प्रदीप बालियान ने बताया कि पुलिस ने छेड़छाड़ मामले में नवाजुद्दीन सिद्दीकी समेत सभी पांच आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है.
अभियोजन पक्ष के अनुसार, आलिया ने आरोप लगाया था कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई मिनाजुद्दीन ने 2012 में परिवार की एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ की थी जबकि अन्य लोगों ने उसका समर्थन किया था. आलिया द्वारा इस सिलसिले में मुंबई में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और 2020 में इस मामले को जिले के बुढ़ाना पुलिस थाना में स्थानांतरित कर दिया गया था.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2023 07:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

