देश की खबरें | इंदिरा गांधी को पीछे छोड़कर सर्वाधिक समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे नेता बनेंगे मोदी

नयी दिल्ली, 24 जुलाई नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को इंदिरा गांधी को पीछे छोड़कर लगातार सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले दूसरे शख्स बन जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि मोदी शुक्रवार को अपने कार्यकाल के 4,078 दिन पूरे कर लेंगे। इंदिरा गांधी 24 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977 तक लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री रही थीं।

लगातार तीन लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी को जीत दिलाने के मामले में मोदी ने जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

मोदी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने से पहले तक इस पद पर बने रहे।

आजादी के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि गुजरात में जन्मे मोदी केंद्र सरकार के मुखिया के रूप में दो पूर्ण कार्यकाल पूरा करने वाले एकमात्र गैर-कांग्रेसी नेता भी हैं।

एक अधिकारी ने कहा, "मोदी भारत के सभी प्रधानमंत्रियों और मुख्यमंत्रियों में से एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने एक पार्टी के नेता के रूप में लगातार छह चुनाव जीते हैं-2002, 2007 और 2012 में गुजरात विधानसभा चुनाव और 2014, 2019 और 2024 में आम चुनाव।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)