PM Modi on Rahul Gandhi: रायबरेली से चुनाव लड़ने पर मोदी का राहुल पर तंज, कहा: डरो मत, भागो मत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली संसदीय सीट से चुनाव लड़ने के फैसले पर राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि वायनाड़ से अपनी हार सुनिश्चित देख उन्होंने तीसरा ठिकाना ढूंढा है.
बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल), 3 मई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली संसदीय सीट से चुनाव लड़ने के फैसले पर राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि वायनाड़ से अपनी हार सुनिश्चित देख उन्होंने तीसरा ठिकाना ढूंढा है. बर्द्धमान-दुर्गापुर में शुक्रवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते मोदी ने राहुल गांधी से कहा, ‘‘डरो मत! भागो मत!’’ प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि उन्होंने पहले ही बता दिया था कि ‘शहजादे’ वायनाड में हारने वाले हैं और हार के डर से जैसे ही मतदान समाप्त होगा वह तीसरी सीट खोजने लग जाएंगे.
उन्होंने कहा, ‘‘...और अब दूसरी सीट पर भी उनके सारे चेले-चपाटे कह रहे थे अमेठी आएंगे, अमेठी आएंगे. लेकिन अमेठी से भी इतना डर गए कि वहां से भागकर अब रायबरेली में खोज रहे हैं रास्ता. ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं - डरो मत! मैं भी इन्हें कहता हूं, अरे डरो मत! भागो मत!’’ प्रधानमंत्री ने इसके साथ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि उनके बारे में उन्होंने तीन महीने पहले ही दावा किया था कि कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता इस बार चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेंगी. उन्होंने कहा, ‘‘वो डर के मारे भाग जाएंगी. भाग करके राजस्थान गईं और राज्यसभा में आईं.’’ यह भी पढ़ें : बीड क्षेत्र में मराठा आरक्षण आंदोलनकारियों के खिलाफ मामले, आरक्षण, रेल लाइन प्रमुख मुद्दे
मोदी ने दावा किया इस बार के चुनाव के नतीजे का अनुमान लगाने के लिए किसी ओपिनियन पोल या फिर एक्जिट पोल की जरूरत नहीं है क्योंकि परिणाम ‘स्पष्ट’ हैं. उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस इस बार पहले से भी कम सीटों पर सिमटने जा रही है. अब देश भी समझ रहा है कि ये लोग चुनाव जीतने के लिए नहीं लड़ रहे हैं, ये सिर्फ देश को बांटने के लिए चुनाव के मैदान का उपयोग कर रहे हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2024 01:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

