देश की खबरें | कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर मोदी ने साधा निशाना, ‘‘लूट’’ में लिप्त होने का लगाया आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि जब लोग मुसीबत में हैं तो वह ''लूट'' में लिप्त है।
कलबुर्गी (कर्नाटक), 16 मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि जब लोग मुसीबत में हैं तो वह ''लूट'' में लिप्त है।
भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान की कलबुर्गी में कांग्रेस अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खरगे के गृह क्षेत्र में औपचारिक शुरुआत करते हुए मोदी ने यह दावा भी किया कि कर्नाटक के लोगों ने आगामी चुनाव में राज्य में भाजपा को विजयी बनाने का फैसला कर लिया है।
मोदी ने कहा, ''कर्नाटक में कांग्रेस के प्रति आपके (लोगों के) मन में जो गुस्सा है, मैं वह समझ सकता हूं। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो भले ही अपनी वेशभूषा बार-बार बदल ले लेकिन उसके कुकर्म नहीं बदलते। यही कारण है कि कर्नाटक के लोग सचेत हैं और उसके (कांग्रेस के) प्रति उनमें गुस्सा है।’’
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक दक्षिण भारत में कर्नाटक भाजपा के लिए बेहद अहम है क्योंकि भाजपा अतीत में यहीं पर सत्ता पर काबिज रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य की कुल 28 में से 25 सीटें मिली थीं। पार्टी समर्थित एक निर्दलीय ने भी जीत हासिल की थी।
मोदी ने यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक के लोग इतने कम समय में ही कर्नाटक की कांग्रेस सरकार से निराश हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि लोग कांग्रेस की सच्चाई से वाकिफ हैं। कई मौके मिलने के बावजूद कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है।’’
मोदी ने कर्नाटक में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों को खुलेआम संरक्षण मिल रहा है और लोगों के मन में भय उत्पन्न किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जब लोग परेशान हैं तो कांग्रेस लूट में व्यस्त है।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और भगवंत खुबा, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक, गुलबर्गा लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार उमेश जाधव सहित अन्य इस मौके पर उपस्थित थे।
मोदी ने कहा कि लोगों के उत्साह को देखकर ऐसा लग रहा है कि कर्नाटक ने भाजपा को रिकॉर्ड संख्या में सीटों पर विजयी बनाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने चुनाव की घोषणा से पहले ही तय कर लिया है कि फैसला क्या होगा।
उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ दिनों से दक्षिण भारत में हैं और उससे पहले जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में थे। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में पत्रकारों ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि 1988 के बाद श्रीनगर में कभी किसी राजनीतिक दल की इतनी बड़ी रैली नहीं देखी गई।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने श्रीनगर में जो दृश्य और जुनून देखा, भारत के प्रति जो उत्साह देखा... मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि देश अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तैयार है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले कुछ दिनों से दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में अपने प्रचार अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोग भाजपा को आशा के साथ देख रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे दक्षिण भारत में सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों ने भाजपा को अपना अपार समर्थन दिया है। दक्षिण में भाजपा को मिल रहे इस भारी समर्थन को देखते हुए कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के लोग कह रहे हैं, उनके एक नेता ने संसद में भी कहा था, हमारे विरोधी भी कह रहे हैं--इस बार भाजपा होगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2024 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

