देश की खबरें | मोदी ने राजद, कांग्रेस पर निशाना साधा; बिहार के विकास का श्रेय राजग को दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिवान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर उनके शासन के दौरान बिहार को गरीबी व अराजकता की ओर धकेलने का शुक्रवार को आरोप लगाया।
सिवान, 20 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिवान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर उनके शासन के दौरान बिहार को गरीबी व अराजकता की ओर धकेलने का शुक्रवार को आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने कांग्रेस-राजद द्वारा पैदा किए गए ‘‘जंगल राज को खत्म कर दिया है’’।
मोदी ने बाबासाहेब भीम राव आंबेडकर का कथित रूप से अपमान करने के लिए राजद की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य के लोग दलितों के आदर्श का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मोदी ने कहा, ‘‘बिहार से श्रमिकों के बड़े पैमाने पर पलायन और राज्य में दशकों से व्याप्त गरीबी के लिए राजद और कांग्रेस जिम्मेदार हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राजद-कांग्रेस का शासन मॉडल ‘‘लोगों की जरूरतों को नजरअंदाज कर अपने परिवारों को समृद्ध करने’’ पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के लाइसेंस राज के दौरान उनके नेता अमीर हो गए लेकिन जनता गरीब बनी रही।’’
मोदी ने कहा, ‘‘राजद ने बाबा साहेब का अपमान किया और बिहार की जनता उसके नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी। राजद और कांग्रेस के नेता देश के संविधान निर्माता की तस्वीरें अपने पैरों के पास रखते हैं। मैं उनकी तस्वीर को अपने दिल के करीब रखता हूं।’’
मोदी ने राजद के राजनीतिक दृष्टिकोण पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘हम ‘सबका साथ, सबका विकास’ में विश्वास करते हैं लेकिन वे केवल ‘परिवार का विकास’ में विश्वास करते हैं।’’
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार के ‘‘कष्टप्रद अतीत’’ के लिए जिम्मेदार कांग्रेस एवं राजद की अब सत्ता में लौटने पर नजर है।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने जंगल राज बनाया और अब वे वापस आना चाहते हैं लेकिन बिहार के लोग विधानसभा चुनाव में उन्हें करारा जवाब देंगे।’’
बिहार विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने हैं।
मोदी ने राजग सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए दावा किया कि बिहार ने हाल के वर्षों में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे का विकास होते देखा है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजग के कार्यकाल में 55,000 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया, 1.5 करोड़ से अधिक घरों में बिजली पहुंचाई गई और 26 करोड़ लोगों तक पाइप से पानी पहुंचाया गया।’’
मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा को स्वीकार कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी हालिया विदेश यात्रा के दौरान विश्व के कई नेताओं ने भारत की प्रगति की प्रशंसा की।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 20, 2025 02:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

