देश की खबरें | मां दुर्गा का आहृवान कर मोदी ने महिला सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता दोहराई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को मां दुर्गा का आह्वान कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी सरकार की कटिबद्धता को दोहराया और कहा कि ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ अभियान में नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, 22 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को मां दुर्गा का आह्वान कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी सरकार की कटिबद्धता को दोहराया और कहा कि ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ अभियान में नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।

पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य के लोगों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाद स्थापित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान राज्य की महान विभूतियों को भी याद किया और कहा कि चेतना हो या आध्यात्म, विज्ञान हो या कला और संस्कृति हर क्षेत्र में बंगाल ने देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाया है।

यह भी पढ़े | बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी COVID-19 पॉजिटिव, पटना एम्स में भर्ती: 22 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों में किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। प्रधानमंत्री का स्वागत भी महिलाओं ने शंख बजाकर बंगाली परंपरा के अनुसार किया ।

मोदी ने मां दुर्गा को ‘‘दारिद्र्य दु:ख भय हारिणि’’ और ‘‘दुर्गति-नाशिनी’’ बताया और कहा कि देश में आज महिलाओं के सशक्तिकरण का भी अभियान तेज गति से जारी है।

यह भी पढ़े | MP By Poll Election 2020: बीजेपी नेता बिसाहूलाल सिंह का रिवाल्वर लहराते हुए वीडियो वायरल, जानें पूरा मामला.

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे जनधन योजना के तहत 22 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोलना हो या फिर मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आसान ऋण देना, चाहे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान हो या फिर तीन तलाक के खिलाफ कानून।’’

उन्होंने कहा कि बलात्कार की सजा से जुड़े कानूनों को बहुत सख्त किया गया है और दुराचार करने वालों को मृत्युदंड तक का प्रावधान हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे गहरी खदानों में भी काम करने की स्वीकृति हो या फिर सेना में परमानेंट कमीशन, देश की नारी शक्ति को सशक्त करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को लेकर ये बातें ऐसे समय में कही हैं जब उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दलित युवती के कथित बलात्कार की घटना सहित कुछ अन्य घटनाओं को लेकर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार सजग है।’’

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा, भारत की एकता का ही नहीं बल्कि भारत की पूर्णता का भी पर्व है। बंगाल की दुर्गा पूजा भारत की इस पूर्णता को एक नई चमक देती है, नए-नए श्रृंगार देती है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बंगाल की जागरूक चेतना, बंगाल की आध्यात्मिकता का और बंगाल की ऐतिहासिकता का ही प्रभाव है कि बंगाल की पुण्य भूमि से निकले महान व्यक्तियों ने जब ,जैसी आवश्यकता पड़ी शस्त्र और शास्त्र, त्याग और तपस्या से मां भारती की सेवा की है।

इस कड़ी में उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, चैतन्य महाप्रभु, रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, काजी नज़रुल इस्लाम, सुभाष चंद्र बोस, राजाराम मोहन राय, ईश्वर चंद्र विद्यासागर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी विभूतियों के योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा, ‘‘आज के भारत को गढ़ने में बंगाल का इतना बड़ा योगदान है, इतने नाम हैं कि सुबह से शाम हो जाएगी लेकिन नाम नहीं खत्म होंगे।’’

उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों में ऐसी आत्मशक्ति है जिसके कारण वह हर क्षेत्र में आगे बढ़कर उपलब्धि हासिल करते हैं। ‘‘बंगाल ने देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाया है, आज भी बढ़ा रहे हैं और मेरा विश्वास है भविष्य में भी बंगाल के लोग देश का गौरव इसी तरह बढ़ाते रहेंगे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने आत्मनिर्भरता का जो नया संकल्प लिया है, उस अभियान में भी नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।

उन्होंने कहा, ‘‘महिषासुर का वध करने के लिए माता का एक अंश ही पर्याप्त था, लेकिन इस कार्य के लिए सभी दैवीय शक्तियां संगठित हो गई थीं। वैसे ही नारी शक्ति हमेशा से सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है। ऐसे में ये सभी का दायित्व है कि संगठित रूप से सभी उनके साथ खड़े हों।’’

मोदी ने कहा कि इस बार कोरोना के संकट के बीच दुर्गा पूजा का उत्सव मनाया जा रहा है। भक्त, पंडालों के आयोजकों सहित सभी ने इस बार ‘‘अद्भुत संयम’’ दिखाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘संख्या पर भले असर पड़ा हो, लेकिन भव्यता वही है, दिव्यता वही है। आयोजन भले ही सीमित है, लेकिन उत्सव का रंग, उल्लास-आनंद असीमित है। यही तो बंगाल की पहचान है, यही तो बंगाल की चेतना है। यही तो असली बंगाल है।’’

पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या सात करोड़ के करीब है जिनमें से लगभग साढ़े तीन करोड़ महिला मतदाता हैं।

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ राज्य में भाजपा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी है। भाजपा को भरोसा है कि वह अगले चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 सालों के शासन का अंत करेगी।

पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 22 सीटों पर विजय हासिल हुई थी। भाजपा के आकलन के मुताबिक बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं ने इस चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Live Toss And Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Toss Winner Prediction: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Stats And Preview: दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मुकाबले के बीच आज होगा रोमांचक मुकाबला, आज के मैच में बन सकते हैं ये अनोखे रिकॉर्ड