देश की खबरें | ‘तोलाबाजी’ पर मोदी-ममता के बीच आरोप-प्रत्यारोप, प्रधानमंत्री ने कहा- ‘बाइपो’ बंगाल में एकल खिड़की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर शनिवार को ऐसा प्रशासन चलाने का आरोप लगाया, जिसमें ‘तोलाबाज’ (उगाही करने वाले) और भ्रष्ट लोग भरे पड़े हैं। इस पर बनर्जी की ओर से तीखा पलटवार किया गया और आरोप लगाया गया कि भाजपा ‘‘दुनिया की सबसे बड़ी ‘तोलाबाज’’ है।
खड़गपुर/हल्दिया, 20 मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर शनिवार को ऐसा प्रशासन चलाने का आरोप लगाया, जिसमें ‘तोलाबाज’ (उगाही करने वाले) और भ्रष्ट लोग भरे पड़े हैं। इस पर बनर्जी की ओर से तीखा पलटवार किया गया और आरोप लगाया गया कि भाजपा ‘‘दुनिया की सबसे बड़ी ‘तोलाबाज’’ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खड़गपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर खुलकर हमला बोला और आरोप लगाया कि उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी राज्य में ‘‘सिंगल विंडो’’ हैं और जिसे पार किए बिना कोई काम नहीं होता है।
पश्चिम बंगाल में तीन दिनों में अपनी दूसरी रैली में प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योग बंद हो रहे हैं, जबकि सिंडिकेट संस्कृति और माफिया राज फल-फूल रहा है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टिकरण का ‘खेला’ (खेल) कर रही हैं।
मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘ औद्योगिक इकाइयां बद हो रही हैं। आपको पता है कि उद्योगों को जल्दी मंजूरी देने के लिए एक सिंगल विंडो सिस्टम बनाया गया है। शेष देश भाजपा द्वारा लाये गये सिंगल विंडो सिस्टम के तहत आगे बढ़ रहा है।’’
उन्होंने डायमंड हार्बर से सांसद एवं ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बगैर आरोप लगाया, ‘‘एक तरफ देश निरंतर सिंगल विंडो सिस्टम की तरफ बढ़ रहा है, ताकि कारोबारियों, उद्यमियों को यहां-वहां भटकना ना पड़े। लेकिन पश्चिम बंगाल में अलग प्रकार का सिंगल विंडो सिस्टम है, यह सिंगल विंडो है- भाइपो (भतीजा) विंडो, जिसे पार किये बिना कोई काम नहीं होता।’’
भाजपा अक्सर ही अभिषेक बनर्जी पर सिंडिकेट चलाने और आम आदमी से जबरन वसूली के आरोप लगाती हैं। स्थानीय संदर्भ में सिंडिकेट का मतलब कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे गिरोह से है जो लोगों को ऊंची कीमत पर निम्न गुणवत्ता की निर्माण सामग्री बेचते हैं।
ममता बनर्जी ने हल्दिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा दुनिया में सबसे बड़ी ‘तोलाबाज’ है...देखिए पीएम केयर फंड के तहत उसने कितना पैसा इकट्ठा किया। अगर पश्चिम बंगाल के लोग शांति और दंगों से मुक्त राज्य चाहते हैं तो तृणमूल कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है।’’
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘‘सबकुछ बेचने’’ का आरोप भी लगाया। इस महीने की शुरुआत में चुनाव प्रचार के दौरान चोटिल हुईं बनर्जी अभी व्हीलचेयर पर हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने हर चीज बेच दी है। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। सरकार पहले ही रेलवे, कोयला क्षेत्र, बीएसएनएल, बीमा क्षेत्र और बैंकों का निजीकरण कर रही है। किसी दिन हल्दिया बंदरगाह भी बिक सकता है।’’
वहीं मोदी ने 2018 के पंचायत चुनाव के बाद से तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा के करीब 130 कार्यकर्ताओं की कथित हत्या का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ममता दीदी बर्बरता का स्कूल चलाती हैं, जिसके पाठ्यक्रम में तोलाबाजी (उगाही), कट मनी, सिंडिकेट और अराजकता शामिल है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यहां तक तक कि तेंदु का पत्ता बेचने के लिए आदिवासियों को (जंगलमहल में) कट मनी देनी पड़ती है।’’
मोदी ने खड़गपुर में अपनी रैली में तृणमूल सरकार पर ‘‘बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार’’ को लेकर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वह (बनर्जी) चक्रवात राहत में अनियमितताओं के बारे में पूछे जाने पर नाराज़ हो जाती हैं, वह उन लोगों को जेल भेजती हैं जो राशन की चोरी (लॉकडाउन के दौरान) पर सवाल उठाते हैं, कोयला चोरी के बारे में पूछने पर लोगों लाठी से पीटा जाता है और नौकरी की मांग करने वालों के घर जला दिए जाते हैं।’’
केन्द्र की स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने इसे लागू नहीं किया क्योंकि उसे लगा कि इसका श्रेय केन्द्र को जाएगा।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘राज्य की मुख्यमंत्री केंद्र की योजनाओं को रोकने के लिए दीवार की तरह खड़ी हैं।’’
उन्होंने डबल इंजन की सरकार (केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने) से बंगाल में तेजी से विकास होने की भी बात कही।
भाजपा को ममता द्वारा बाहरी बताने के दावे को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बंगाल में भाजपा एकमात्र असली पार्टी है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की थी और वह बंगाल के बेटे थे। बंगाल भाजपा के डीएनए में है।’’
उन्होंने ‘‘खेला होबे’’ (खेल होगा) नारे को लेकर ममता का उपहास करते हुए कहा ‘‘दीदी खेला शेष होबे, विकास आरंभ’’ अर्थात दीदी का खेल खत्म होगा और विकास आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि दीदी को बंगाल के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
मोदी ने कहा, ‘‘बंगाल ने पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस का कारनामा, वाम की बर्बादी देखी है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने आपके सपनों को चूर-चर कर दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को पांच साल दीजिए। उनके द्वारा की गई बर्बादी को हम सिर्फ पांच साल में ठीक कर देंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)