देश की खबरें | लोगों की व्यथा सुनने के बजाय अपनी व्यथा सुनाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं मोदी: प्रियंका गांधी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी के तौर पर एकमात्र ऐसा प्रधानमंत्री देखा है, जो लोगों की व्यथा सुनने के बजाय उनके सामने अपनी व्यथा सुनाते हैं।
धारवाड़ (कर्नाटक), 29 अप्रैल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी के तौर पर एकमात्र ऐसा प्रधानमंत्री देखा है, जो लोगों की व्यथा सुनने के बजाय उनके सामने अपनी व्यथा सुनाते हैं।
वाद्रा ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले धारवाड़ जिले के नवलगुंड शहर में एक जनसभा में कहा, ‘‘मैंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पी वी नरसिंह राव, अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह से लेकर कई प्रधानमंत्रियों को देखा है, लेकिन ये (मोदी) पहले प्रधानमंत्री हैं, जो लोगों की व्यथा सुनने के बजाय उन्हें अपनी व्यथा सुनाते हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार किसी का सम्मान नहीं करती, चाहे वह लोग हों, उनके वोट हों या वह राज्य हो, जहां वह शासन कर रही है, या वरिष्ठ नेता जगदीश शेट्टर, जो हाल ही में टिकट नहीं दिये जाने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए या पूरा लिंगायत समुदाय।
उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार इतनी बेशर्मी से किया जाता है कि जो भ्रष्ट हैं, उन्हें (चुनाव लड़ने के लिए) टिकट मिल रहा है और जो नहीं हैं, उन्हें टिकट से वंचित कर दिया गया। वह (मोदी) भ्रष्ट लोगों को फोन करते हैं और ईमानदार लोगों को भगा देते हैं।’’
उन्होंने कहा कि जब लोगों का सम्मान नहीं किया जाता है, तो यह देश और राज्य के हित में नहीं होता, नेता भूल जाते हैं कि लोग ही उन्हें नेता बनाते हैं और सरकारें केवल सत्ता हथियाने और पैसा बनाने के लिए बनती हैं।
वाद्रा ने आरोप लगाया, ‘‘ठेकेदार आत्महत्या कर रहे हैं। स्कूल प्रबंधन और ठेकेदार संघ प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार के बारे में पत्र लिखते हैं, लेकिन कुछ नहीं होता। इतना भ्रष्टाचार है कि एक विधायक के बेटे को 8 करोड़ रुपये नकद के साथ पकड़ा जाता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती।’’
गौरतलब है कि कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिये मतदान होने हैं। चुनाव परिणाम 13 मई को घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2023 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

