एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त न कर नकारात्मक संदेश दे रहे हैं मोदी : प्रियंका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखीमपुर खीरी कांड मामले को लेकर विवादों में घिरे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त न करके संदेश दे रहे हैं कि इस देश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कुछ भी कर सकते हैं और उनके राज में आम जनता और गरीबों को न्याय नहीं मिल सकता।

देश की खबरें | गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त न कर नकारात्मक संदेश दे रहे हैं मोदी : प्रियंका

बहराइच/लखनऊ (उत्तर प्रदेश), सात अक्टूबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखीमपुर खीरी कांड मामले को लेकर विवादों में घिरे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त न करके संदेश दे रहे हैं कि इस देश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कुछ भी कर सकते हैं और उनके राज में आम जनता और गरीबों को न्याय नहीं मिल सकता।

लखीमपुर खीरी कांड में मारे गए बहराइच के मोहरनिया निवासी किसान गुरविंदर सिंह के परिजन से मुलाकात करने आई प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहा, "गृह राज्य मंत्री ने यदि इस्तीफा नहीं दिया या उन्हें बर्खास्त नहीं किया गया, तो इसका मतलब यह है कि इस देश की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को संदेश दे रहे हैं कि अगर कोई सत्ता में है, मंत्री है, भाजपा में है तो वह कुछ भी कर सकता है।"

उन्होंने कहा, "इस देश में आम जनता, गरीबों, किसानों, दलितों और महिलाओं के लिए कोई न्याय नहीं है। मैं नरेंद्र मोदी जी से कहना चाहती हूं कि इस घटनाक्रम से आप देश की जनता को यही संदेश दे रहे हैं।"

कांग्रेस महासचिव ने कहा, "हम सभी मृतक किसानों के परिवारों से मिले हैं। सबका यह कहना है कि उन्हें मुआवजे से कोई मतलब नहीं है। उन्हें सिर्फ गृह राज्य मंत्री की बर्खास्तगी, अपराधियों की गिरफ्तारी और इंसाफ से मतलब है।"

प्रियंका का काफिला बाराबंकी से बहराइच प्रवेश करते समय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू होने के कारण घाघरा घाट पुल के पास प्रशासन ने थोड़ी देर के लिए रोक दिया। इसके विरोध में प्रियंका के साथ चल रहे तथा स्वागत में खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के साथ काफी देर जद्दोजहद के बाद प्रियंका के साथ आए कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और तनुज पुनिया के वाहन सहित सिर्फ दो गाड़ियों को आगे जाने की इजाजत दी गयी।

इससे पहले, प्रियंका ने बहराइच रवाना होने से पहले लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें रोकने के लिए पूरी पुलिस लगा दी और इसके अलावा पीड़ित परिवारों के गांव को भी छावनी बना दिया गया, मगर जिन लोगों ने लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी के नीचे कुचल कर मार डाला, पुलिस उनके गिरेबान तक पहुंचने की हिम्मत नहीं दिखा पा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों को जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट दी गई है, उसमें कुछ भी साफ तौर पर पढ़ा नहीं जा पा रहा है। प्रियंका ने कहा कि उन्हें (परिवारों को) फोटोकॉपी की भी फोटोकॉपी दी गयी है।

उन्होंने कहा, "मैं लोकतंत्र, न्याय और अधिकार के लिए लडूंगी। जब तक मंत्री अजय मिश्रा बर्खास्त नहीं होते और उनका बेटा गिरफ्तार नहीं होता, तब तक मैं अडिग रहूंगी। मैंने पीड़ित परिवारों को यह वचन दिया है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2021 09:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).