एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | मोदी ने ‘आधुनिक भगीरथ’ की तरह हर घर में नल से जल पहुंचाया है : जगदंबिका पाल

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जगदंबिका पाल ने बुधवार को कहा कि जिस तरह राजा भगीरथ गंगा नदी को धरती पर लाए थे, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया है और आने वाले समय में पूरा देश तथा दुनिया उन्हें ‘आधुनिक भगीरथ’ के रूप में देखेगी।

ताजा खबरें | मोदी ने ‘आधुनिक भगीरथ’ की तरह हर घर में नल से जल पहुंचाया है : जगदंबिका पाल

नयी दिल्ली, 19 मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जगदंबिका पाल ने बुधवार को कहा कि जिस तरह राजा भगीरथ गंगा नदी को धरती पर लाए थे, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया है और आने वाले समय में पूरा देश तथा दुनिया उन्हें ‘आधुनिक भगीरथ’ के रूप में देखेगी।

पाल ने लोकसभा में 2025-26 के लिए जलशक्ति मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदान की मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने राज्य में जल संकट को दूर करने के लिए जो प्रयास किए थे, उसी तरह के संकल्प के साथ उन्होंने जलशक्ति मंत्रालय बनाया और ‘‘आने वाले समय में देश के किसी भी राज्य में पानी की कमी नहीं रहेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गंगा नदी को धरती पर अवतरित करने के लिए राजा भगीरथ ने अथक तपस्या की थी। आने वाले दिनों में पूरा देश नहीं दुनिया मानेगी कि भारत के हर घर में नल से जल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहुंचाया। आज निश्चित रूप से (मोदी को) पूरा देश और दुनिया आधुनिक भगीरथ के रूप में देखेगी।’’

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ‘हर घर को जल, हर खेत को पानी’ के सपने को वास्तविकता के धरातल पर उतारेगी।

भाजपा सांसद ने कहा कि दुनिया की 18 प्रतिशत आबादी वाले भारत को विश्व का केवल चार प्रतिशत स्वच्छ जल उपलब्ध है, ऐसे में पानी की व्यवस्था करने के लिए यह सरकार लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण योजना, सुजलां सुफलां योजना और सरदार सरोवर योजना जैसी परियोजनाओं से गुजरात के विभिन्न जिलों को सूखा मुक्त कराया।

पाल ने कहा, ‘‘मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात में जलक्रांति लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी वह उसी संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।’’

भाजपा सदस्य ने कहा कि इसी दिशा में प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में सरकार बनने के कुछ ही दिन बाद सिंचाई, जल संरक्षण, पेयजल, नदी स्वच्छता समेत पानी से जुड़े सभी विभागों को मिलाकर जल शक्ति मंत्रालय बनाया और आज उसके परिणाम आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय का बजट 2024-25 के लिए 51,800 करोड़ रुपये है जिसे आगामी वित्त वर्ष के लिए 93 प्रतिशत वृद्धि के साथ 99,503 करोड़ किया गया है जो एक अभूतपूर्व उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि हर घर में नल से जल की परिकल्पना को साकार करने के लिए जल जीवन मिशन का बजट पिछली बार से 195 प्रतिशत वृद्धि के साथ 67 हजार करोड़ रुपये किया गया है।

पाल ने कहा कि इसी तरह कृषि सिंचाई योजना के लिए बजट में 25 प्रतिशत, नमामि गंगे परियोजना के तहत 20 प्रतिशत और अटल भूजल योजना के तहत बजट में 197 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने नदी जोड़ो परियोजना का जिक्र करते हुए दावा किया कि यह परिकल्पना 161 साल पुरानी है और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने इस पर काम शुरू किया था, लेकिन कांग्रेस नीत संप्रग के दस साल के कार्यकाल में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया और यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई।

पाल ने कहा कि मोदी सरकार ने 2014 में ही इस योजना पर काम शुरू किया और केन-बेतवा नदियों को जोड़ने की योजना से जहां उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में 10.6 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि पर सिंचाई हो सकेगी, वहीं उत्तर पूर्व और दक्षिण भारत में भी नदियों को जोड़ने की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

उन्होंने हर घर में नल से जल पहुंचाने की योजना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड, केरल और पश्चिम बंगाल राज्य इस मामले में सबसे पीछे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम कृषि सिंचाई परियोजना के तहत प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने देश की 99 प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में से 62 को पूरा कर लिया है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार बाढ़ नियंत्रण प्रबंधन की दिशा में भी काम कर रही है और नीदरलैंड, नेपाल और ऑस्ट्रेलिया आदि देशों के साथ समझौते किए गए हैं।

उन्होंने बिहार में कोशी नदी से आने वाली बाढ़ के संकट से निपटने के लिए नेपाल से लगी सीमा पर जलाशय बनाने का सुझाव दिया जिससे बाढ़ की समस्या का समाधान होगा और बिजली भी बन सकेगी।

पाल ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के समय जल संकट पैदा हो गया था और पानी माफिया सक्रिय था, लेकिन अब भाजपा की सरकार बनने से दिल्ली में भी हर घर को नल से पानी मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 19, 2025 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).