देश की खबरें | मोदी ने प्रत्येक नागरिक के सपनों को पंख देकर उनमें नया आत्मविश्वास जगाया है : शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के अब तक के आठ साल के दौरान देश के हर नागरिक के सपनों और आकांक्षाओं को पंख देकर उनमें नया विश्वास जगाया है।
नयी दिल्ली, 30 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के अब तक के आठ साल के दौरान देश के हर नागरिक के सपनों और आकांक्षाओं को पंख देकर उनमें नया विश्वास जगाया है।
मोदी नीत सरकार के सत्ता में आठ साल पूरे करने पर सिलसिलेवार ट्वीट में शाह ने कहा कि मोदी के रूप में भारत को ऐसा नेतृत्व मिला है जिस पर हर वर्ग को विश्वास है और गर्व भी।
शाह ने हैशटैग ‘‘सेवा के आठ साल’’ के साथ ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता को सेवा का माध्यम मानकर गरीबों, किसानों, महिलाओं व वंचितों को उनके अधिकार दिए जिससे लोकतंत्र में उनका विश्वास जगा और वे देश की विकास यात्रा में सहभागी बने। अनेकों ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण इन आठ वर्षों की सभी देशवासियों को बधाई।’’
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मोदी के रूप में आज भारत के पास एक ऐसा नेतृत्व है जिसपर हर वर्ग को विश्वास भी है और गर्व भी। अपने अथक परिश्रम से जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना इस विश्वास का मजबूत स्तंभ है। 130 करोड़ भारतीयों के विश्वास की यह शक्ति आज देश को हर क्षेत्र में आगे ले जा रही है।’’
शाह ने कहा, ‘‘गत आठ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के हर नागरिक के सपनों व आकांक्षाओं को पंख देकर उनमें नया आत्मविश्वास जगाया है। मोदी ने अपने सक्षम नेतृत्व व दृढ़ इच्छाशक्ति से न सिर्फ देश को सुरक्षित किया बल्कि कई ऐसे निर्णय लिए जिससे हर देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा उठा।’’
शाह ने कहा कि प्रौद्योगिकी हो या खेल, स्वास्थ्य हो या रक्षा, विकास हो या गरीब कल्याण हो, आज भारत की हर नीति और हर उपलब्धि पूरे विश्व के लिए एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एक सक्षम नेतृत्व से भारत कैसे आपदा को अवसर में बदलता है यह नये भारत ने पूरे विश्व को दिखाया है।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर हो या पूर्वोत्तर या वामपंथी उग्रवाद प्रभावित चुनौतीपूर्ण क्षेत्र, जिनकी ओर दशकों तक किसी ने देखने का भी साहस नहीं किया था, वहां मोदी ने अपनी नेतृत्वशक्ति व दूरदर्शिता से विकास और शांति का नया अध्याय लिखा है। आज ये क्षेत्र पूरे देश के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं।’’
शाह ने कहा, ‘‘मोदी के आत्मनिर्भर भारत का संकल्प देश को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने की नींव रख रहा है। इस संकल्प को सिद्ध करना हम सभी देशवासियों की जिम्मेदारी भी है और कर्तव्य भी, जिससे हम आने वाली पीढ़ी को एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत दे पाएं।’’
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार 2014 में सत्ता में आई थी। मोदी नीत सरकार ने 2019 में अपनी सत्ता बरकरार रखी और दूसरा कार्यकाल शुरू किया।
एक अलग ट्वीट में शाह ने पीएम-केयर्स (प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष) की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘कोविड महामारी की वजह से अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों की देखभाल व सुरक्षित भविष्य के लिए ‘पीएम-केयर्स फॉर चिल्ड्रेन’ की शुरुआत कर मोदी ने देशवासियों के प्रति अपनी संवेदनशीलता को पुनः दर्शाया है। उन्होंने यह कदम उठा कर बताया है कि संकट की घड़ी में पूरा देश बच्चों के साथ खड़ा है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद।’’
सोमवार को प्रधानमंत्री ने स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए छात्रवृत्ति जारी की। बच्चों को ‘पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन’ योजना के तहत पासबुक और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड भी दिए गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 30, 2022 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

