राहुल गांधी का मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रही मोदी सरकार: कांग्रेस

मेदिनीनगर, 5 नवंबर : कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबराकर पार्टी नेता राहुल गांधी का मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रही है, जिसमें वह कभी सफल नहीं होगी.

मेदिनीनगर में संवाददाताओं से मुखातिब ठाकुर ने कहा कि वह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समर्थन में झारखंड के गांवों में अपने तरीके से पदयात्रा कर रहे हैं और इस दौरान यात्रा के संयोजक सुबोधकांत सहाय भी उनके साथ हैं. ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी जैसे उद्योगपतियों को सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम कौड़ियों के भाव बेचे जा रहे हैं, ताकि चुनावी राजनीति में उनसे चंदा के रूप में मोटी रकम लेकर विपक्षी दलों को मात दी जा सके. यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी राधा स्वामी सत्संग ब्यास पहुंचे, बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से की मुलाकात

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के गठबंधन में दरार पैदा करने में असफल केंद्र सरकार अब जांच एजेंसियों के सहारे राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश में है, लेकिन वह इसमें भी कामयाब नहीं होगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “झारखंड में सांप्रदायिक शक्तियों की मंशा कभी पूरी नहीं होगी. कांग्रेस-झामुमो सरकार किसी तीसरी राजनीतिक शक्ति की मदद की मोहताज नहीं है. यह पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी.”