देश की खबरें | कोरोना वायरस संकट में जनता पर

इंदौर, 24 जून पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बुधवार को कहा कि यह सरकार कोविड-19 के संकट काल में आम लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाने के बजाय उन पर महंगाई का डंडा चला रही है।

पटवारी ने पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि के खिलाफ यहां कांग्रेस की साइकिल रैली की अगुवाई की। इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "कोविड-19 के लॉकडाउन के कारण देश की अर्थव्यवस्था गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में चली गयी है। ऐसे में मोदी सरकार को मजदूरों, किसानों और आम लोगों की आर्थिक मदद करनी चाहिये। लेकिन यह सरकार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर जनता पर महंगाई का डंडा चला रही है।"

यह भी पढ़े | पंजाब की एलीट फोर्स को प्रशिक्षित करेंगे पूर्व-सेना अधिकारी गौतम गांगुली.

इंदौर जिले के राऊ क्षेत्र से विधायक पटवारी प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया विभाग के प्रमुख भी हैं। उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम घटने के बाद भी देश में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाये जा रहे हैं जिससे आम लोग बेहाल हैं। जनता के प्रति यह क्रूर रवैया किसी लोकतांत्रिक सरकार का हो ही नहीं सकता।"

पटवारी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार "तानाशाही तरीके" से चलायी जा रही है।

यह भी पढ़े | India-China Border Tension: आर्मी चीफ एम एम नरवणे ने गलवान घाटी में चीन से झड़प में घायल हुए सेना के जवानों को कमेंडेशन कार्ड दिया, बॉर्डर के ताजा हालात का लिया जायजा.

प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि इंदौर में कांग्रेस की साइकिल रैली के लिये केवल 10 लोगों को इस शर्त के साथ अनुमति दी गयी थी कि प्रदर्शनकारी कोविड-19 से बचाव के तमाम इंतजाम करेंगे।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा ने कांग्रेस नेताओं को "प्रचार के भूखे" बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने साइकिल रैली के बहाने भीड़ जुटाकर अपने साथ ही अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डाल दिया।

शर्मा ने मांग की कि इस रैली में शामिल सभी कांग्रेस नेताओं की कोविड-19 की जांच करायी जानी चाहिये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)