नयी दिल्ली, 27 दिसंबर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले आठ सालों में देश के युवाओं के लिए भविष्य की राह तैयार की है।
वह उत्तर प्रदेश में गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में ‘नये युवा मतदाताओं के साथ एक संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से शुरू किये गये दूरगामी सुधारों ने युवाओं को नई उम्मीद प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भारत की साख वैश्विक स्तर पर बढ़ी है और पूरा विश्व अब भारत को समझना और इससे जुड़ना चाहता है।
केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री सिंह ने कहा कि नया भारत खुला और भविष्योन्मुखी है और अपने प्रगतिशील विचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि देश के विकास का भार युवाओं के कंधों पर है।
उन्होंने युवा मतदाताओं को याद दिलाया कि कुछ दशकों तक देश में अस्थिर और गठबंधन सरकारें थीं जिसके कारण भारत के बारे में ना केवल जनता, बल्कि विश्व में एक तरह की धारणा बन गई।
मंत्री ने कहा, ’’ लेकिन वर्ष 2014 में देश की जनता ने स्थिर सरकार का चुनाव किया जिससे नीतियों और कार्य संस्कृति में स्थिरता आई और परिवर्तन को लेकर एक मजबूत नींव पड़ी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY