देश की खबरें | मणिपुर में भीड़ ने सुरक्षा बलों की दो बसों को आग लगाई; कोई हताहत नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के कांगपोकपी जिले में भीड़ ने सुरक्षा बलों की दो बसों में आग लगा दी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इंफाल, 26 जुलाई मणिपुर के कांगपोकपी जिले में भीड़ ने सुरक्षा बलों की दो बसों में आग लगा दी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना सपोरमीना में उस समय हुई, जब बसें मंगलवार शाम दीमापुर से आ रही थीं।
अधिकारियों ने बताया कि हिंसा में शामिल एक समुदाय के लोगों ने मणिपुर की पंजीकरण संख्या वाली बस को सपोरमीना में रोक लिया। उन्होंने बताया कि लोगों के समूह ने बस रोकने के बाद कहा कि वे इस बात की जांच करेंगे कि बस में कहीं दूसरे समुदाय का कोई सदस्य तो नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि उनमें से कुछ लोगों ने बसों में आग लगा दी।
मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान हिंसा भड़कने के बाद से राज्य में अब तक 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं तथा कई अन्य घायल हुए हैं।
राज्य में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे अधिकतर पर्वतीय जिलों में रहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2023 10:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

