देश की खबरें | हरियाणा के नूंह में भीड़ ने किया विहिप के जुलूस पर पथराव, होमगार्ड के दो जवानों की मौत, 15 घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के नूंह जिले में भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जुलूस को रोकने की कोशिश कर कारों में आग लगा दी। इस दौरान होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गुरुग्राम/चंडीगढ़, 31 जुलाई हरियाणा के नूंह जिले में भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जुलूस को रोकने की कोशिश कर कारों में आग लगा दी। इस दौरान होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय हरियाणा में केंद्रीय बलों की 15 कंपनियां भेज रहा है। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सोहना में भी हिंसा भड़क गई है। मुस्लिम बहुल नूंह में हिंसा की खबर फैलते ही, निकटवर्ती गुरुग्राम जिले के सोहना में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ ने चार वाहनों और एक दुकान को आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने एक सड़क पर घंटों तक आवागमन को बाधित रखा।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पुलिस ने नूंह के एक शिव मंदिर से लगभग 2,500 पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। इनमें श्रद्धालु और वे लोग शामिल थे जिन्होंने दोनों पक्षों के बीच झड़प के दौरान वहां शरण ली थी।

नूंह और गुरुग्राम जिलों में निषेधाज्ञा लागू कर लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नूंह और फरीदाबाद में बुधवार तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

एहतियात के तौर पर गुरुग्राम, फ़रीदाबाद और पलवल जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को मंगलवार को बंद करने का आदेश दिया गया। विज ने कहा कि एक व्यक्ति को नूंह के अस्पताल में मृत लाया गया जबकि 16 अन्य का उपचार किया जा रहा है।

गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन ने कहा कि उनके जिले से होमगार्ड के दो जवान नूंह से सटे इलाके में हुई हिंसा में मारे गए। अधिकारी ने बताया कि नूंह हिंसा में करीब 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि होमगार्ड के जवान नीरज की गोली लगने से मौत हो गई। हिंसा में मारे गए होमगार्ड के दूसरे जवान की पहचान गुरसेवक के रूप में हुई।

अधिकारी ने बताया कि आठ घायल पुलिसकर्मियों को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि घायलों में होडल के पुलिस उपाधीक्षक सज्जन सिंह के सिर में और एक निरीक्षक के पेट में गोली लगी है।

इस बीच, हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए केंद्र से एक सप्ताह के लिए रैपिड एक्शन फोर्स की 20 कंपनियां मांगी हैं।

केंद्रीय गृह सचिव को लिखे एक पत्र में, हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने 31 जुलाई से एक सप्ताह के लिए "तत्काल" आरएएफ की 20 कंपनियों की मांग की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने "हरियाणा एक हरियाणवी एक" का नारा देते हुए नूंह में शांति की अपील की।

इससे पहले, पुलिस ने कहा कि जलाए गए वाहन जुलूस का हिस्सा रहे लोगों और पुलिस के थे। एक वीडियो क्लिप में कम से कम चार कारों को जलते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य कथित वीडियो में पुलिस की दो क्षतिग्रस्त कारें दिखाई दे रही हैं। क्लिप में गोलियों की आवाज भी सुनी जा सकती है।

पुलिस के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद की ‘बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा’ को नूंह में खेड़ला मोड़ के पास युवकों के एक समूह ने रोका और पथराव करने लगे। एक अधिकारी ने बताया कि जुलूस में शामिल कम से कम चार कारों में आग भी लगा दी गई। कुछ पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

खबरों के मुताबिक, जुलूस में शामिल लोगों ने पलटवार करते हुए उन्हें रोकने वाले युवकों पर पथराव किया।

जलाभिषेक यात्रा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने गुरुग्राम के सिविल लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जुलूस के साथ पुलिस की एक टुकड़ी भी तैनात गई थी।

कुछ दावों के मुताबिक, बल्लभगढ़ में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक आपत्तिजनक वीडियो झड़प की वजह बना। ऐसी भी खबरें थीं कि राजस्थान में दो मुस्लिम व्यक्तियों की हत्या में वांछित गोरक्षक मोनू मानेसर को जुलूस में शामिल होना था।

मानेसर ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि उन्होंने विहिप की सलाह पर जुलूस में भाग नहीं लिया, क्योंकि उन्हें डर था कि उनकी उपस्थिति से तनाव पैदा हो सकता है। ट्विटर पर कथित तौर पर उन्हें नूंह आने की चुनौती देने की धमकियां भी दी गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\