देश की खबरें | मिजोरम: विपक्षी विधायकों ने मंत्री के काफिले को रोकने के लिए असम राइफल को जिम्मेदार ठहराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम के विपक्षी विधायकों और एक छात्र संगठन ने बृहस्पतिवार को आइजोल के बाहरी इलाके में कथित तौर पर मंत्री की कार और काफिला रोकने को लेकर शुक्रवार को असम राइफल्स को जिम्मेदार ठहराया।

आइजोल, 18 अक्टूबर मिजोरम के विपक्षी विधायकों और एक छात्र संगठन ने बृहस्पतिवार को आइजोल के बाहरी इलाके में कथित तौर पर मंत्री की कार और काफिला रोकने को लेकर शुक्रवार को असम राइफल्स को जिम्मेदार ठहराया।

राज्य के ऊर्जा एवं बिजली मंत्री एफ रोडिंगलियाना ने दावा किया था कि बृहस्पतिवार को जब वह चम्फाई से घर लौट रहे थे तो उनकी कार और काफिले को आइजोल के बाहरी इलाके में असम राइफल्स के जवानों ने रोक लिया।

असम राइफल्स ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मंजूरी मिलने के बावजूद काफिला स्वयं ठहरा था।

मुख्य विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने एक बयान जारी कर कहा कि असम राइफल्स के जवानों ने मंत्री के साथ ‘दुर्व्यवहार’किया और आधिकारिक कर्तव्य का निर्वहन करने के बाद लौटते समय उन्हें रोका गया जिससे उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।

पार्टी ने कहा, ‘‘एमएनएफ विधायक दल अर्धसैनिक बल को उसके शरारतपूर्ण कृत्य के लिए दृढ़ता से दोषी ठहराता है और इस घटना को मिजो समुदाय और लोकतंत्र का अपमान मानता है।’’

मिजोरम विधानसभा में कांग्रेस के एकमात्र विधायक सी.. न्गुनलियाचुंगा और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष लाल थानजारा ने भी असम राइफल्स को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया और इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया।

राज्य के शीर्ष छात्र संगठन मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) और सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) की युवा शाखा ने कहा कि वे मामले को गंभीरता से लेते हैं और असम राइफल्स की कार्रवाई को मिजो लोगों का अपमान मानते हैं, जिन्होंने मंत्री को अपना प्रतिनिधि चुना है।

एमजेडपी ने शुक्रवार को आयोजित बैठक में प्रस्ताव पारित कर संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच करने की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\