देश की खबरें | मणिपुर में दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय घटनाओं से मिजो समाज दुखी : जोरमथंगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने मंगलवार को कहा कि मई की शुरुआत से हिंसा प्रभावित मणिपुर में सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटनाओं ने पूरे मिजो समाज को “गहराई से व्यथित” किया है।
आइजोल, 15 अगस्त मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने मंगलवार को कहा कि मई की शुरुआत से हिंसा प्रभावित मणिपुर में सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटनाओं ने पूरे मिजो समाज को “गहराई से व्यथित” किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मणिपुर की स्थिति पर कड़ी नजर रखी है और पड़ोसी राज्य में जातीय हिंसा की शुरुआत के बाद से इंफाल में फंसे मिजो लोगों, विशेषकर छात्रों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए हैं।
आइजोल में 77वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, “मई में हमारे पड़ोसी राज्य मणिपुर में हुए हिंसक जातीय संघर्ष से पूरा देश बहुत दुखी है। उसके बाद से सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटनाओं की श्रृंखला ने पूरे मिजो समाज को बहुत दुखी किया है।”
जोरमथंगा ने कहा कि राज्य सरकार ने मणिपुर के आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए राहत और पुनर्वास उपाय किए हैं, जिन्होंने मिजोरम में आश्रय मांगा है।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य में जातीय संघर्ष से प्रभावित लोगों को 2,388.50 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न वितरित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिजोरम सरकार ने राहत और पुनर्वास के लिए पांच करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, और नागरिक संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों, चर्चों और व्यक्तियों ने नकद और वस्तु दोनों का भारी योगदान दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)