देश की खबरें | प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक : अमरिंदर ने पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने का आह्वान किया

फिरोजपुर (पंजाब), पांच जनवरी पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक की घटना के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने का आह्वान किया।

अमरिंदर ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।

पंजाब में हुसैनीवाला के पास सड़क जाम में प्रधानमंत्री का काफिला फंस गया जिसके बाद वह रैली को संबोधित किए बिना लौट गए।

‘पंजाब लोक कांग्रेस’ के प्रमुख अमरिंदर ने यहां एक रैली को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर हमें अपने राज्य को सुरक्षित रखना है और यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखनी है, तो मुझे लगता है कि राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए।’’

कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाने वाले अमरिंदर सिंह ने आगामी चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन किया है। अमरिंदर ने कहा, ‘‘हम पाकिस्तान की सीमा से 10 किलोमीटर दूर हैं, जहां कार्यक्रम (फिरोजपुर में) होने वाला था। अगर आप प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते तो आप क्या कर सकते हैं? हमें एक मजबूत सरकार की जरूरत है।’’ उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री को सुरक्षा की ‘‘पूरी तरह विफलता’’ के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

अमरिंदर ने अपने संबोधन में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल दोनों पर ‘‘मुफ्त उपहार’’ देने का वादा करने के लिए हमला किया और उनसे धन के स्रोत का खुलासा करने के लिए कहा, जिसके जरिए वे इन कार्यक्रमों के लिए कोष दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

अमरिंदर ने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में शुरू की गई कई योजनाओं के बारे में भी बताया। अमरिंदर ने कहा कि उन्होंने 2017 के राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए 92 प्रतिशत चुनावी वादों को पूरा किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नवजोत सिद्धू और कांग्रेस के अन्य नेता संवाददाता सम्मेलन करते हैं और कहते हैं कि वे पांच साल के शासन की उपलब्धियों को सामने रखेंगे, लेकिन दूसरी तरफ वे लोगों को यह कहकर गुमराह करते हैं कि मैंने कुछ नहीं किया।’’ अमरिंदर ने कहा कि राज्य में कांग्रेस नेता असमंजस में हैं कि लोगों को क्या बताया जाए। साथ ही कहा कि उन्हें एक बात पर कायम रहना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)