विदेश की खबरें | पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के सांसदों ने ढहाए गए मंदिर और समाधि स्थल का दौरा किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक मंदिर और समाधि स्थल का दौरा किया, जिसे पिछले दिनों आक्रोशित भीड़ ने ढहा दिया था।
पेशावर, 12 जनवरी पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक मंदिर और समाधि स्थल का दौरा किया, जिसे पिछले दिनों आक्रोशित भीड़ ने ढहा दिया था।
करक जिले के तेरी गांव में मंदिर पर कट्टरपंथी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम पार्टी (फजल उर रहमान समूह) के सदस्यों ने हमला किया था। हिंदू समुदाय ने दशकों पुराने भवन का जीर्णोद्धार कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से अनुमति ली थी, जिसके बाद यह हमला किया गया। भीड़ ने पुराने ढांचे के साथ ही नवनिर्मित ढांचे को भी गिरा दिया था।
धार्मिक और अल्पसंख्यक मामलों के लिए संसदीय सचिव शहनेला रावत के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने यह दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री के सलाहकार समेत अन्य नेता भी थे।
रावत ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने मामले का गहरा संज्ञान लिया है और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद सरकार द्वारा उठाए गए कदम से संतुष्ट हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख सनउल्ला अब्बासी ने शुक्रवार को कहा था कि मामले में मुख्य आरोपी फैजुल्ला को करक जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि फैजुल्ला ने ही भीड़ को मंदिर पर हमला करने और समाधि को ढहाने के लिए उकसाया था। पुलिस प्रमुख ने बताया था कि 110 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)