देश की खबरें | मंत्री सरनाईक ने तुलजापुर के निकट से मादक पदार्थ की जब्ती पर पुलिस से लिखित रिपोर्ट मांगी

धाराशिव, 20 फरवरी महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के संरक्षक मंत्री प्रताप सरनाईक ने बृहस्पतिवार को पिछले सप्ताह मंदिर नगरी तुलजापुर के पास से मादक पदार्थ जब्त किए जाने की घटना को गंभीरता से लिया और अगले तीन दिनों में इस संबंध में पुलिस से लिखित रिपोर्ट मांगी।

सरनाईक मध्य महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में तुलजा भवानी मंदिर परिसर में चल रहे काम की समीक्षा करने के लिए तुलजापुर में थे।

अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान शिवसेना कोटे के मंत्री (जो परिवहन विभाग संभालते हैं) ने अधिकारियों से जिले में मादक पदार्थ के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा, ‘‘अगर तुलजापुर में कोई व्यक्ति मादक पदार्थ का कारोबार कर रहा है तो उसके साथ सख्ती से पेश आना चाहिए। चाहे वह कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल में डाला जाना चाहिए। मुझे इस मामले के बारे में अपने वरिष्ठों से बहुत कुछ सुनना पड़ा, क्योंकि मैं इस जिले (धाराशिव) का संरक्षक मंत्री हूं।”

मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे इस मामले पर 72 घंटे में लिखित रिपोर्ट चाहिए। क्या इस मामले में पुलिस विभाग की कोई संलिप्तता है?’’

धाराशिव पुलिस ने 14 फरवरी को सोलापुर-तुलजापुर मार्ग पर 2.5 लाख रुपये का मेफेड्रोन नामक मादक पदार्थ जब्त किया था जिसे तुलजापुर ले जाया जा रहा था।

एक अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस की एक टीम ने जब्ती के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनमें से दो की आपराधिक पृष्ठभूमि है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)