देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में ठंड का सितम जारी है और कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 24 जनवरी जम्मू-कश्मीर में ठंड का सितम जारी है और कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है।
बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा।
सालाना अमरनाथ यात्रा के दौरान आधार शिविर की भूमिका निभाने वाले पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात की तुलना में चार डिग्री कम था।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को छोड़कर अगले पांच दिनों में केंद्र शासित प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात की संभावना है।
मौसम कार्यालय ने कश्मीर के मैदानी इलाकों में मध्यम हिमपात और मध्यम से भारी हिमपात तथा जम्मू में बारिश की संभावना के साथ सोमवार से बुधवार तक अधिक वर्षा होने का अनुमान जताया है। उनके अनुसार, शनिवार और रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है।
कश्मीर वर्तमान में 'चिल्लई कलां' की चपेट में है। 40 दिनों की इस सबसे कठोर मौसम अवधि में बर्फबारी की संभावना अधिक होती है। चिल्लई कलां 21 दिसंबर से शुरू होता है और 30 जनवरी को समाप्त होता है। इसके बाद भी शीतलहर जारी रहती है और 20 दिन लंबा 'चिल्लई खुर्द' तथा 10 दिन लंबा 'चिल्लई बच्चा' चलता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 24, 2023 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

