देश की खबरें | केदारनाथ जा रही मिनी बस सड़क से फिसलकर मकान की छत पर अटकी, तीन लोग घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. टिहरी गढ़वाल जिले में केदारनाथ जा रहे श्रद्धालुओं की एक मिनी बस सड़क से फिसलकर कर नीचे एक मकान की छत पर जा गिरी जिससे उसमें बैठे तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नयी टिहरी (उत्तराखंड), 19 मई टिहरी गढ़वाल जिले में केदारनाथ जा रहे श्रद्धालुओं की एक मिनी बस सड़क से फिसलकर कर नीचे एक मकान की छत पर जा गिरी जिससे उसमें बैठे तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा अपराह्न करीब पौने तीन बजे घनसाली थाना क्षेत्र में टिहरी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यालकुंड में हुआ।
थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि यात्रियों को खाने के लिए नीचे उतारकर चालक ने बस सड़क किनारे खड़ी की और उसका नीचे के पंप की जांच करने लगा तभी अचानक बस पीछे की तरफ चलने लगी और सड़क से नीचे बलबीर सिंह के मकान की छत पर पलट गयी।
उन्होंने बताया कि जब यह हादसा हुआ उस समय दो यात्री, कैलाश चंद्र साहू और परकीता साहू तथा एक दूसरी बस का चालक अनिल शर्मा बैठे हुए थे जिन्हें चोटें आई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि ये श्रद्धालु ओडिशा के रहने वाले हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने बचाव तथा राहत अभियान चलाया और घायलों को निकाला।
गनीमत रही कि जब यह हादसा हुआ उस समय ज्यादातर यात्री बस से उतर चुके थे और खाना खाने के लिए होटल में जा रहे थे। बस में कुल 24 यात्री सवार थे जो गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के दर्शन के बाद केदारनाथ धाम जा रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2025 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

