देश की खबरें | तापमान में वृद्धि के कारण ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान से वापसी कर रहे हैं प्रवासी पक्षी

केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 25 फरवरी ओडिशा में तापमान में अचानक वृद्धि और समय से पहले गर्मी के मौसम के आगमन के कारण प्रवासी पक्षी सर्दियों के मौसम में लगभग दो महीने तक रहने के बाद अब भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान से अपनी वापसी करने लगे हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

प्रवासी पक्षी अत्यधिक ठंडे मौसम की स्थिति से बचने के लिए पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भीतरकनिका के जलाशयों की ओर उमड़ पड़े थे।

भितरकनिका को सुंदरबन के बाद भारत में दूसरा सबसे बड़ा मैंग्रोव (दलदली) वन कहा जाता है।

राजनगर मैंग्रोव (वन्यजीव) वन प्रभाग के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) मानस दास ने बताया कि इस साल अचानक बढ़े तापमान और समय से पहले गर्मी के आगमन के कारण ये पक्षी जल्दी ही चले गए हैं। पिछले वर्षों में ये पक्षी मार्च या अप्रैल में जाते थे।

उन्होंने बताया कि साइबेरिया जैसे स्थानों से उड़कर भीतरकनिका के जलाशयों में आए पक्षी लगभग हर दिन समूहों में वापसी कर रहे हैं।

वन अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर ये पक्षी मार्च के मध्य तक भीतरकनिका से अपने स्थानों की ओर चले जाते हैं, लेकिन फरवरी में तापमान में असामान्य वृद्धि के कारण ये पक्षी इस साल जल्दी जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस साल 118 प्रजातियों के 1.51 लाख से अधिक प्रवासी पक्षियों ने भीतरकनिका को अपना अस्थायी घर बनाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)