कार की चपेट में आने से पैदल बिहार जा रहे प्रवासी श्रमिक की अंबाला में मौत
प्रवासी श्रमिकों के एक समूह ने पुलिस को बताया कि वे सभी पंजाब के लुधियाना शहर से पैदल ही बिहार के पूर्णिया जिले में स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे और इसी दौरान यह दुर्घटना हुई।
अंबाला, 12 मई अंबाला छावनी क्षेत्र के निकट मंगलवार को अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर एक कार की चपेट में आने से पैदल ही बिहार जा रहे एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रवासी श्रमिकों के एक समूह ने पुलिस को बताया कि वे सभी पंजाब के लुधियाना शहर से पैदल ही बिहार के पूर्णिया जिले में स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे और इसी दौरान यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि कार का चालक घटना के बाद कार समेत फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उन्हें वाहन के बारे में जानकारी मिली है और चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान 25 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में हुई है जबकि अन्य घायल श्रमिक को अंबाला छावनी के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इस समूह में चल रहे एक श्रमिक ने बताया कि करीब 12 लोगों ने दो दिन पहले लुधियाना से पैदल ही यात्रा शुरू की थी क्योंकि वे रेलवे की विशेष ट्रेन के लिए पंजीकरण नहीं करा पाए थे।
घर जाने की इच्छा रखने वाले प्रवासी श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए रेलवे कई स्थानों से ‘श्रमिक’ ट्रेनें चला रहा है।
श्रमिकों में से एक ने बताया कि वे सभी एक फैक्टरी में काम करते थे लेकिन मालिक ने उन्हें काम से निकाल दिया जिसके बाद उनके पास खाने और रहने का बंदोबस्त नहीं हो सका तो वे पैदल ही बिहार के लिए निकल गए।
पोस्टमार्टम के बाद शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा जाएगा। श्रमिक के परिवार को इस संबंध में सूचना दी जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 11:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

