निशुल्क राशन नहीं मिलने से प्रवासी कामगार ने की आत्महत्या
जमात

लुधियाना, 11मई पंजाब के लुधियाना में अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर निशुल्क राशन दिए जाने से इनकार करने पर एक प्रवासी कामगार ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।

पुलिस ने बताया कि प्रवासी कामगार अजित कुमार (37) ने लुधियाना के राजीव गांधी कॉलोनी के अपने घर में शनिवार को आत्महत्या कर ली।

कुमार की पत्नी ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने उन्हें निशुल्क राशन देने से इनकार किया जिसके बाद उनके पति ने यह कदम उठाया। वहीं, पुलिस का कहना है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हो जाने से कुमार परेशान था और अवसाद में था। इस वजह से उसने आत्महत्या की।

प्रवासी कामगारों को पुलिस थानों के माध्यम से राशन बांटा जा रहा है।

कुमार की पत्नी ने कहा,‘‘मेरे पति ने यह कदम इसलिए उठाया, क्योंकि प्रशासन ने उन्हें निशुल्क राशन देने से इनकार कर दिया था।’’

उन्होंने कहा,‘‘घर में अन्न का एक दाना नहीं था और परिवार भूखा था।’’ कुमार की पत्नी ने यह भी बताया कि बंद के कारण उनके पति बेरोजगार हो गए थे।

कामगार के पड़ोसियों ने भी कहा कि कुमार को पिछले दो सप्ताह से राशन नहीं मिल रहा था जिससे वह परेशान था। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुमार जब शनिवार को पुलिस थाने में मदद मांगने गया तो वहां उसकी बेइज्जती भी की गई थी।

फोकल प्वांइट स्टेशन के अधिकारी मोहम्मद जमाल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि उन्होंने कभी राशन के लिए इनकार नहीं किया।

उन्होंने कहा कि रोजगार नहीं होने की वजह से कामगार अवसाद में था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)