एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक व्यवधान के कारण हवाईअड्डों पर कई एयरलाइंस का परिचालन प्रभावित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

जरुरी जानकारी | माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक व्यवधान के कारण हवाईअड्डों पर कई एयरलाइंस का परिचालन प्रभावित

मुंबई, 19 जुलाई दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बाधित होने से शुक्रवार को हवाई अड्डों और एयरलाइंस के परिचालन में भारी व्यवधान की स्थिति पैदा हो गई। ऐसी स्थिति में विभिन्न एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए सलाह जारी की है।

इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा को अपने नेटवर्क पर ऑनलाइन चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्हें ‘ऑफलाइन’ माध्यम से काम करना पड़ा।

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने यात्रियों को आश्वासन दिया कि उनका मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑफलाइन’ माध्यम से स्थिति को सक्रियता से संभालने में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा, “हमने सभी एयरलाइंस और हवाई अड्डा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों को उनकी उड़ान की स्थिति के बारे में सूचित रखें और उन्हें जरूरी सहायता प्रदान करें।”

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उनका मंत्रालय माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में है और एनआईसी नेटवर्क व्यवधान से प्रभावित नहीं है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वैष्णव ने कहा कि इस व्यवधान का कारण पहचान लिया गया है और इस मुद्दे को हल करने के लिए अपडेट जारी किए गए हैं।

इंडिगो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “हमारे सिस्टम फिलहाल माइक्रोसॉफ्ट के व्यवधान की वजह से प्रभावित हैं जिसका असर अन्य कंपनियों पर भी पड़ रहा है। इस दौरान बुकिंग, चेक-इन, बोर्डिंग पास तक पहुंच और कुछ उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं।”

विमानन कंपनी ने कहा, “हम सभी पूरी तरह से सक्रिय हैं और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। हमारी डिजिटल टीम भी इन व्यवधानों को तेजी से हल करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट एज्योर के साथ मिलकर काम कर रही है।”

किफायती एयरलाइन अकासा ने कहा, “हमारे सेवा प्रदाता के साथ बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं के कारण बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग प्रबंधन सेवाओं सहित कुछ ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। फिलहाल हम हवाई अड्डों पर ‘ऑफलाइन’ चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं।”

एयरलाइन ने तत्काल यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एहतियात के तौर पर चेक-इन के लिए हवाई अड्डे पर जल्द पहुंचें।

स्पाइसजेट ने कहा कि वह अपने सेवा प्रदाता के साथ तकनीकी चुनौतियों का सामना कर रही है, जिससे बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग कार्यक्षमताओं के प्रबंधन सहित ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ऐसी स्थिति में एयरलाइन ने सभी हवाई अड्डों पर ‘ऑफलाइन’ चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2024 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).