देश की खबरें | नकली शराब बनाने के लिए मेथेनॉल का हुआ था इस्तेमाल : पंजाब पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के संगरूर जिले में जहरीली शराब से 20 लोगों की मौत के मामले में जांच कर रही पुलिस ने शनिवार को कहा कि नकली शराब बनाने के लिए मेथेनॉल का इस्तेमाल किया गया था।

चंडीगढ़, 23 मार्च पंजाब के संगरूर जिले में जहरीली शराब से 20 लोगों की मौत के मामले में जांच कर रही पुलिस ने शनिवार को कहा कि नकली शराब बनाने के लिए मेथेनॉल का इस्तेमाल किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने संगरूर में जहरीली शराब से मौत के मामले में चिह्नित किए गए 10 आरोपियों में से आठ को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध जहरीली शराब पीने से छह और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो गई है। पटियाला के राजिंदर अस्पताल में 11 लोगों का और संगरूर के सिविल अस्पताल में छह लोगों का इलाज किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि दिड़बा और सुनाम ब्लॉक के गुजरां, टिब्बी रविदासपुर और ढंडोली खुर्द गांवों से लोगों की मौत होने की सूचना मिली है।

घटना के संबंध में शनिवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गुरिंदर सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में चार सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एडीजीपी ढिल्लों ने मीडिया को बताया कि इस घटना के संबंध में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि 10 आरोपियों में से दो मास्टरमाइंड-हरमनप्रीत सिंह और गुरलाल सिंह सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली शराब और उसके निर्माण और लेबल लगाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

ढिल्लों ने बताया कि जांच से पता चला कि नोएडा की एक फैक्टरी से मेथेनॉल सामग्री वाली शराब आरोपियों द्वारा खरीदी गई थी।

उन्होंने कहा कि मेथेनॉल का इस्तेमाल कई औद्योगिक उत्पादों में किया जाता है। मेथेनॉल की बड़ी मात्रा घातक होती है।

ढिल्लों ने कहा कि हरमनप्रीत और गुरलाल दोनों का आपराधिक अतीत रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी पूरे मामले में साठगांठ का पता लगाएगी। उप महानिरीक्षक (पटियाला रेंज) हरचरण भुल्लर, संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज चहल और अतिरिक्त आयुक्त (आबकारी) नरेश दुबे एसआईटी का हिस्सा होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\