देश की खबरें | रूद्रप्रयाग में मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

रूद्रप्रयाग (उत्तराखंड), चार सितंबर जिले के एक दूरस्थ गांव के तीन लोगों के खिलाफ मानसिक रूप से कमजोर एक युवती के साथ सामूहिक बलात्कार करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीसरे की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

घटना 23 अगस्त की है और इसके राजस्व पुलिस क्षेत्र में घटित होने के कारण जांच में विलंब हुआ है। शुक्रवार को यह मामला पुलिस के पास पहुंचा जिसके बाद इसकी जांच में तेजी आयी।

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद उन्होंने राजस्व पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी। उन्होंने बताया कि राजस्व पुलिस ने 25 अगस्त को मामला दर्ज करने के बाद 26 अगस्त को पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया था।

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, इसके बाद मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई और अब दो दिन पहले मामला राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को सौंपा गया।

रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा अशोक भदाणे ने बताया कि कोतवाली रुद्रप्रयाग के स्तर पर गठित पुलिस टीम द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसमें से एक ग्राम प्रधान है।

उन्होंने बताया कि एक आरोपी को रविवार की शाम को गिरफ्तार किया गया जिसकी पहचान जिले के बांगर क्षेत्र के धारकुड़ी गांव के प्रधान भगवान सिंह (39) के रूप में हुई है। सोमवार को हिरासत में लिया गया दूसरा आरोपी इसी गांव का रहने वाला रोशन सिंह (35) है। उन्होंने बताया कि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ गलत कृत्य करने वालों को जल्द ही कड़ी सजा दिलाई जाएगी तथा पीड़िता को हर संभव मदद के साथ न्याय दिलाया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)