एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | 'इंडिया' गठबंधन की बैठक आरंभ, सरकार गठन की संभावना पर होगी चर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुधवार शाम को आरंभ हो गई, जिसमें सरकार गठन की संभावनाओं और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

देश की खबरें | 'इंडिया' गठबंधन की बैठक आरंभ, सरकार गठन की संभावना पर होगी चर्चा

नयी दिल्ली, पांच जून विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुधवार शाम को आरंभ हो गई, जिसमें सरकार गठन की संभावनाओं और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आधिकारिक आवास '10, राजाजी मार्ग' पर यह बैठक हो रही है।

बैठक में खरगे के अलावा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और कई अन्य नेता इस बैठक में शामिल हैं।

खरगे ने बैठक से पहले 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "नतीजों और उसके बाद की रणनीति पर चर्चा के लिए 'इंडिया जनबंधन' के नेता आज शाम 6 बजे 10, राजाजी मार्ग पर बैठक करेंगे।"

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सरकार गठन के वास्ते ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए संख्या बल जुटाने को लेकर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) या जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) से संपर्क करने के मुद्दे पर इस गठबंधन के अंदर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है।

सरकार गठन की कवायद और एन चंद्रबाबू नायडू तथा नीतीश कुमार जैसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के नेताओं से संपर्क करने की संभावना से जुड़े सवाल पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि इस बारे में कोई भी फैसला विपक्षी गठबंधन के नेता बुधवार की बैठक में करेंगे।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद मंगलवार को कहा था कि 'इंडिया' को सरकार बनाने का प्रयास करना चाहिए और बुधवार की बैठक में प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी फैसला होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 05, 2024 06:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).