देश की खबरें | इंदौर में गंदगी फैलाने से रोके जाने पर मेडिकल छात्रों ने सफाई कर्मियों को पीटा, वीडियो आया सामने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में जन्मदिन के जश्न के दौरान सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने से रोके जाने को लेकर सफाई कर्मियों को पीटने के आरोप में पुलिस ने तीन मेडिकल छात्रों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 जुलाई देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में जन्मदिन के जश्न के दौरान सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने से रोके जाने को लेकर सफाई कर्मियों को पीटने के आरोप में पुलिस ने तीन मेडिकल छात्रों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद यह प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मनीष अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि सफाई कर्मियों की शिकायत पर शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस पाठ्यक्रम के तीन छात्रों के खिलाफ धारा 294 (गाली-गलौज), धारा 323 (मारपीट) और धारा 506 (धमकाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल छात्रों का एक समूह छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रविवार रात एक से डेढ़ बजे के बीच सरवटे बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर अपने एक साथी का जन्मदिन मना रहा था और इस दौरान वे एक-दूसरे पर केक फेंक कर सड़क पर गंदगी फैला रहे थे।
डीसीपी ने कहा, ‘‘नगर निगम के चार-पांच सफाई कर्मचारियों ने जब मेडिकल छात्रों को सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने से रोका, तो उन्होंने सफाई कर्मियों को पीट दिया। मारपीट में सफाई कर्मियों को मामूली चोटें आई हैं।’’
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)