एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग की नई भर्तियों की मंशा तीन प्रतिशत गिरीः रिपोर्ट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. चालू साल की पहली छमाही में मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग में पढ़ाई पूरी कर निकले युवाओं को भर्ती करने की मंशा में तीन प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है।

जरुरी जानकारी | मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग की नई भर्तियों की मंशा तीन प्रतिशत गिरीः रिपोर्ट

मुंबई, नौ अप्रैल चालू साल की पहली छमाही में मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग में पढ़ाई पूरी कर निकले युवाओं को भर्ती करने की मंशा में तीन प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है।

टीमलीज एडटेक की तरफ से जनवरी-जून, 2024 के लिए जारी करियर परिदृश्य रिपोर्ट कहती है कि मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग पढ़ाई पूरी कर निकले युवाओं की भर्ती करने के मामले में अन्य उद्योगों के उलट रुझान दिखा रहा है। अगर समूचे उद्योग जगत की भर्ती मंशा को देखें तो इसमें सालाना आधार पर छह प्रतिशत की बढ़त देखी गई है।

यह रिपोर्ट देश के 18 विभिन्न उद्योगों से संबंधित 526 छोटी, मझोली एवं बड़ी कंपनियों के बीच कराए गए सर्वेक्षण पर आधारित है।

इसके मुताबिक, मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में भर्ती के रुझान में भी शहरों में नौकरी की भूमिकाओं के लिए अलग-अलग प्राथमिकताएं पाई गईं। वीडियो संपादन में 27 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दिल्ली का दबदबा रहा जबकि बेंगलुरु 23 प्रतिशत के साथ उत्पादन सहायकों में आगे है।

रिपोर्ट कहती है कि यूनिटी डेवलपर्स के लिए मुंबई और दिल्ली क्रमशः 25 प्रतिशत और 21 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ आगे हैं जबकि चेन्नई 21 प्रतिशत के साथ एसईओ गतिविधियों के लिए पसंदीदा रहा। वहीं मुंबई ने 19 प्रतिशत ग्राफिक डिजाइनरों को रोजगार दिया।

टीमलीज एडटेक के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शांतनु रूज ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र नई भर्तियों के मामले में अभी मजबूती पाने की कोशिश कर रहा है। वहीं अन्य उद्योग सकारात्मक आर्थिक धारणा का लाभ उठा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में कम भर्तियों के लिए कारोबार के नए मॉडल सामने आने, प्रौद्योगिकी की वजह से पैदा हुए व्यवधानों और बदलते उपभोक्ता व्यवहार जैसे कारकों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2024 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).