देश की खबरें | एमसीडी ने सफाईकर्मी के साथ मारपीट मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी पर कथित रूप से हमला करने के लिए ‘‘अज्ञात गुंडों’’ के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज की। आरोपियों को कथित तौर पर भाजपा विधायक अभय वर्मा का करीबी बताया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) को लिखे एक पत्र में एमसीडी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

वहीं, दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।

एमसीडी ने शिकायत के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वीडियो का हवाला दिया है, जिसमें कुछ लोग एमसीडी कर्मचारी के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं।

इससे पहले दिन में, आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अभय वर्मा पर दिल्ली में एक सफाईकर्मी के साथ गाली-गलौज करने और उसे थप्पड़ मारने का आरोप लगाया।

अभय वर्मा का कथित वीडियो जारी करते हुए ‘आप’ विधायक कुलदीप वर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में सत्ता में रह चुकी भाजपा ने ‘सफाई कर्मियों का वेतन रोक दिया था।’

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में हारने के बाद भाजपा अब ‘आप’ को निशाना बनाकर अपनी हताशा निकाल रही है।

‘आप’ के आरोपों पर अभय वर्मा और भाजपा की दिल्ली इकाई की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)