देश की खबरें | मथुरा : जनचौपाल आयोजित करने गए भाजपा के पूर्व सांसद पर ग्रामीणों ने किया हमला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में जन चौपाल आयोजित करने पहुंचे भाजपा के पूर्व सांसद एवं वर्तमान में उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ताओं पर ग्रामीणों ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग और पेट्रोल डीजल के दाम में बेतहाशा वृद्धि का विरोध करते हुए हमला कर दिया।

मथुरा, 18 मार्च उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में जन चौपाल आयोजित करने पहुंचे भाजपा के पूर्व सांसद एवं वर्तमान में उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ताओं पर ग्रामीणों ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग और पेट्रोल डीजल के दाम में बेतहाशा वृद्धि का विरोध करते हुए हमला कर दिया।

हालांकि, भाजपा नेताओं ने मामले को तूल नहीं देते हुए कहा कि घटना को कुछ असमाजिक तत्वों ने अंजाम दिया है।

चौधरी तेजवीर सिंह वर्ष 1996, 1998 व 1999 के आम चुनावों में लगातार तीन बार भाजपा के सांसद रहे हैं।

वह बलदेव क्षेत्र के गांव पटलौनी में ‘जनचैपाल’ कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद भारतीय किसान यूनियन के कथित नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी उनका विरोध किया।

उनका कहना था कि जब तक तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाता वे भाजपा नेताओं को गांव में घुसने नहीं देंगे।

विरोध कर रहे लोगों ने भाजपा नेता व उनके साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं तथा मीडियाकर्मियों पर ढेलों-कंकड़ों से हमला किया जिससे करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हो गए तथा एक पत्रकार का मोबाइल फोन टूट गया।

इस दौरान पूर्व सांसद ने लोगों को समझाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला व ग्रामीणों को तितर-बितर किया।

चौधरी तेजवीर सिंह ने कहा, ‘‘हम ऐसे विरोध से घबराने वाले नहीं हैं। वे तो वैसे भी असामाजिक तत्व ज्यादा थे। ऐसा लग रहा था कि जैसे नशे में हों। इसीलिए वे बिना सच्चाई जाने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। हम केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने गए थे। इसलिए ऐसे लोगों से घबराने वाले नहीं हैं।’’

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र के मुताबिक यह घटना बलदेव क्षेत्र के पटलौनी गांव की है, जिसकी जानकारी मिलते ही बलदेव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now