एजेंसी न्यूज

Mathura: खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में चलीं गोलियां, एक की मौत, सात घायल

जनपद में सोमवार को खेत से होकर ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में अंधाधुंध गोलियां चलीं. इस घटना में एक पक्ष के एक पुरुष की गोली लगने से मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित सात लोग छर्रे लगने से घायल हो गए.

Mathura: खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में चलीं गोलियां, एक की मौत, सात घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर (File Photo)

मथुरा (उत्तर प्रदेश), 26 अक्तूबर : जनपद में सोमवार को खेत से होकर ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में अंधाधुंध गोलियां चलीं. इस घटना में एक पक्ष के एक पुरुष की गोली लगने से मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित सात लोग छर्रे लगने से घायल हो गए. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया, ‘‘यह मामला बलदेव थाना क्षेत्र के गांव तल्फीगढ़ी का है. जहां दिनेश खेत जोतकर पड़ोसी के खेत से होकर अपना ट्रैक्टर निकाल रहा था. जिसे लेकर जगदीश ने उसे टोका. इस पर दोनों में बहस होने लगी जो बढ़ते-बढ़ते गोलियां चलने लगीं.’’

उन्होंने बताया कि सामान लेने आए पक्कीगढ़ी के रूप सिंह (32) के सिर में गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार लाइसेंसी बंदूक से छह गोलियां चलाई गईं. पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया और एक लाइसेंसी बंदूक जब्त की. यह भी पढ़ें : Delhi Fire: दिल्ली के पुरानी सीमापुरी इलाके में तीन मंजिला इमारत में लगी आग, 4 लोगों की मौत, केस दर्ज

घायलों की पहचान वी. पी. सिंह, विकास, सोनू, मोहिनी, अनीता, सतीश और राजकुमार के रूप में हुई है. वहीं मृतक की पहचाप रूप सिंह के तौर पर हुई है. एसपी देहात श्रीश चंद्र ने बताया कि मृतक रूप सिंह किसी पक्ष से नहीं था, वह तमाशबीन था. घायल किस-किस पक्ष के हैं, यह स्पष्ट नहीं है. उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर इस संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 26, 2021 01:53 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).