नकाबपोशों ने तमंचे के बल पर बैंक से करीब 21 लाख रुपये लूटे
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया, ‘‘दामोदरपुरा स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में मंगलवार दोपहर ढाई बजे लंच के बाद जैसे ही बैंककर्मियों ने गेट का चैनल खोला, तभी नकाबपोश चार बदमाश बैंक में घुस गए।’’
मथुरा, 12 मई उत्तरप्रदेश के मथुरा जनपद में मंगलवार को ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की एक शाखा में दिनदहाड़े चार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर 21 लाख रुपये से अधिक रकम रुपए लूट लिए। बदमाश बैंक में मौजूद चार कर्मचारियों के मोबाइल छीनकर उन्हें बाथरूम में बंद कर भाग निकले।
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया, ‘‘दामोदरपुरा स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में मंगलवार दोपहर ढाई बजे लंच के बाद जैसे ही बैंककर्मियों ने गेट का चैनल खोला, तभी नकाबपोश चार बदमाश बैंक में घुस गए।’’
कैशियर सृष्टि सक्सेना के पास जाकर बदमाशों ने तमंचा निकाला और अन्य कर्मचारियों पर भी तमंचे तान दिए।
इसके बाद उन्होंने कैशियर से उसके पास मौजूद नकदी इकट्ठा की और सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीनने के बाद उन्हें बाथरूम में बंद कर मोटरसाइकिलों से भाग निकले। कर्मचारियों ने किसी तरह बैंक मैनेजर को फोन किया और पुलिस को सूचना दी।
मैनेजर प्रभात कुमार ने बताया कि वह एक जरूरी काम से बैंक की एक अन्य शाखा में गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित कर दिया गया। पुलिस ने छानबीन भी की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। बदमाश बैंक से कुल 21 लाख 17 हजार 400 रुपए लूट कर ले गए हैं।
इसके बाद थाना अध्यक्ष (सदर) सत्यपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी शहर आलोक दुबे, पुलिस अधीक्षक (शहर) अशोक मीणा मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर आगरा जोन के पुलिस महानिरीक्षण ए सतीश गणेश भी एसएसपी गौरव ग्रोवर के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
पुलिस बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 09:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

