मारुति ने मानेसर संयंत्र में परिचालन शुरू किया, सिर्फ एक पारी में होगा काम
कंपनी इस संयंत्र से ऑल्टो, स्विफ्ट, डिजायर, एस-प्रेसो, अर्टिगा और बलेनो जैसे लोकप्रिय मॉडलों को बनाती है। यहां एकल पारी के आधार पर काम शुरू होगा।इससे पहले ह्युंडई, टोयोटा, रेनॉल्ट और निसान जैसे वाहन निर्माता आंशिक परिचालन शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं।
नयी दिल्ली, 12 मई देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने मंगलवार को कहा कि उसने हरियाणा के मानेसर संयंत्र में परिचालन फिर से शुरू किया है। कोरोना वायरस महामारी के चलते लागू लॉकडाउन के कारण इस संयंत्र में लगभग 50 दिनों से काम बंद था।
कंपनी इस संयंत्र से ऑल्टो, स्विफ्ट, डिजायर, एस-प्रेसो, अर्टिगा और बलेनो जैसे लोकप्रिय मॉडलों को बनाती है। यहां एकल पारी के आधार पर काम शुरू होगा।इससे पहले ह्युंडई, टोयोटा, रेनॉल्ट और निसान जैसे वाहन निर्माता आंशिक परिचालन शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं।
एमएसआई के मानेसर संयंत्र की दो पालियों में स्थापित क्षमता प्रतिवर्ष 8.8 लाख वाहन तैयार करने की है।
कंपनी के मानेसर और गुरुग्राम संयंत्रों में परिचालन 22 मार्च को निलंबित कर दिया गया था।
मारुति सुजुकी इंडिया के अध्यक्ष आर सी भार्गव ने कहा, ‘‘मानेसर संयंत्र में उत्पादन शुरू हो गया है और पहली कार आज (मंगलवार) तैयार होगी।’’
उन्होंने कहा कि इस समय 75 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ एकल पारी के आधार पर परिचालन किया जा रहा है।
पूरी क्षमता के साथ कामकाज कब तक शुरू होगा, इस बारे में पूछने पर भार्गव ने कहा कि यह सरकार के नियमों पर निर्भर करेगा, जैसे दो पारियों काम की अनुमति कब दी जाएगी, कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी कब होगी और आपूर्ति श्रृंखला कब तक सुव्यवस्थित होगी। उन्होंने कहा कि इसमें कई कारक शामिल हैं।
गुरुग्राम संयंत्र शुरू होने के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘वहां काम शुरू होगा, लेकिन अभी नहीं।’’
हरियाणा सरकार ने 22 अप्रैल को कंपनी को मानेसर विनिर्माण संयंत्र फिर शुरू करने की अनुमति दी थी, लेकिन कंपनी ने कहा था कि वह तभी परिचालन शुरू करेगी, जब उत्पादन की निरंतरता और वाहनों की बिक्री संभव होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 06:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

