एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बाजार में नौ दिनों से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 520 अंक लुढ़का

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. लगातार नौ कारोबारी दिनों तक तेजी रहने के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों के दोनों प्रमुख सूचकांक भारी बिकवाली के दबाव में टूट गए। मुख्य रूप से आईटी, प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार कंपनियों के शेयरों में अधिक बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 520 अंक नुकसान में रहा।

जरुरी जानकारी | बाजार में नौ दिनों से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 520 अंक लुढ़का

मुंबई, 17 अप्रैल लगातार नौ कारोबारी दिनों तक तेजी रहने के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों के दोनों प्रमुख सूचकांक भारी बिकवाली के दबाव में टूट गए। मुख्य रूप से आईटी, प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार कंपनियों के शेयरों में अधिक बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 520 अंक नुकसान में रहा।

दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयर भारी बिकवाली की वजह से नौ प्रतिशत से ज्यादा टूट गए। इसके अलावा एचडीएफसी लिमिटेड और एचडीएफसी बैंक के शेयरों के भी गिरने से सूचकांकों में गिरावट रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 520.25 अंक यानी 0.86 प्रतिशत गिरकर 59,910.75 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 988.53 अंक तक लुढ़क गया था।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का मानक सूचकांक निफ्टी भी 121.15 अंक यानी 0.68 प्रतिशत गिरकर 17,706.85 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से इंफोसिस में सर्वाधिक नौ प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ उम्मीद से कम रहने से निवेशकों का भरोसा इंफोसिस से कम होता हुआ दिखा।

इसके अलावा टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, विप्रो, एचडीएफसी, टीसीएस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी गिरावट रही।

दूसरी तरफ, नेस्ले, पावरग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट लाभ की स्थिति में रहीं।

मानक सूचकांकों के उलट व्यापक बाजार में बढ़त की स्थिति रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.56 प्रतिशत की बढ़त पर रहा जबकि स्मालकैप सूचकांक में 0.13 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि तिमाही नतीजों की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रहने और वैश्विक स्तर पर अमेरिकी दस वर्षीय बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से घरेलू बाजार प्रभावित रहे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी आईटी एवं बैंकों के नतीजे बाजार की दिशा तय करेंगे।

रिलायंस सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख मितुल शाह ने कहा, "आईटी शेयरों में गिरावट से भारतीय इक्विटी बाजार नुकसान के साथ बंद हुए।" आईटी सूचकांक 4.77 प्रतिशत और प्रौद्योगिकी सूचकांक 4.56 प्रतिशत गिर गये।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट एवं हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजार भी दोपहर के सत्र में सकारात्मक दिशा में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.31 प्रतिशत घटकर 86.04 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजारों के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 221.85 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को अंबेडकर जयंती के अवसर पर बंद रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2023 05:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).