जरुरी जानकारी | सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.85 लाख करोड़ रुपये घटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,85,952.31 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ।
नयी दिल्ली, 12 जनवरी सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,85,952.31 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ।
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,844.2 अंक या 2.32 प्रतिशत नीचे आया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 573.25 अंक या 2.38 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और आईटीसी के बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारती एयरटेल, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और शीर्ष 10 की सूची में हाल में शामिल हुई एचसीएल टेक्नोलॉजीज की बाजार हैसियत बढ़ गई।
सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 70,479.23 करोड़ रुपये घटकर 12,67,440.61 करोड़ रुपये रह गया। आईटीसी का बाजार मूल्यांकन 46,481 करोड़ रुपये घटकर 5,56,583.44 करोड़ रुपये पर आ गया। एसबीआई की बाजार हैसियत 44,935.46 करोड़ रुपये घटकर 6,63,233.14 करोड़ रुपये रह गई।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 12,179.13 करोड़ रुपये घटकर 16,81,194.35 करोड़ रुपये पर आ गया। आईसीआईसीआई बैंक के मूल्यांकन में 11,877.49 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 8,81,501.01 करोड़ रुपये पर आ गया।
इस रुख के उलट टीसीएस की बाजार हैसियत 60,168.79 करोड़ रुपये बढ़कर 15,43,313.32 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। आईटी सेवा कंपनी टीसीएस का दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 11.95 प्रतिशत बढ़कर 12,380 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इसके बाद शुक्रवार को कंपनी का शेयर छह प्रतिशत चढ़ गया।
एचसीएल टेक का बाजार मूल्यांकन 13,120.58 करोड़ रुपये बढ़कर 5,41,539.01 करोड़ रुपये हो गया। इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 11,792.44 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 8,16,626.78 करोड़ रुपये रहा। भारती एयरटेल का मूल्यांकन 8,999.41 करोड़ रुपये बढ़कर 9,19,933.99 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 8,564.26 करोड़ रुपये बढ़कर 5,73,758.44 करोड़ रुपये रही।
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और एचसीएल टेक का स्थान रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 12, 2025 10:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

