एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पहली बार पांच लाख करोड़ डॉलर के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच मंगलवार को बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पहली बार पांच लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया।

जरुरी जानकारी | बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पहली बार पांच लाख करोड़ डॉलर के पार

नयी दिल्ली, 21 मई घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच मंगलवार को बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पहली बार पांच लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया।

बीएसई के मंच पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कारोबारी सत्र के अंत में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार मूल्यांकन 4,14,62,306.56 करोड़ रुपये (4.97 लाख करोड़ डॉलर) रहा। यह इसका अबतक का उच्चतम स्तर है।

हालांकि, कारोबार के दौरान सूचीबद्ध कंपनियों के बाजार मूल्यांकन ने पांच लाख करोड़ डॉलर का आंकड़ा भी पहली बार पार किया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 21 मई को नई ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके साथ ही भारत अमेरिका, चीन, जापान और हांगकांग के बाद पांचवां बड़ा बाजार पूंजीकरण वाला देश बन गया।’’

पिछले साल 29 नवंबर को बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार मूल्यांकन पहली बार चार लाख करोड़ डॉलर पर पहुंचा था। वहीं तीन लाख करोड़ डॉलर के मुकाम पर पहली बार 24 मई, 2021 को बाजार पहुंचा था।

बाजार मूल्यांकन 10 जुलाई, 2017 को पहली बार दो लाख करोड़ डॉलर पर पहुंचा था जबकि इसने 28 मई, 2007 को एक लाख करोड़ डॉलर का आंकड़ा छुआ था।

शेयर बाजार में पिछले कुछ महीनों से तेजी का दौर चल रहा है। वर्ष 2024 में ही अब तक बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,713.05 अंक यानी 2.37 प्रतिशत तक चढ़ चुका है। इस दौरान नौ अप्रैल को सेंसेक्स ने 75,124.28 अंक का अबतक का उच्चतम स्तर भी छुआ था।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 21, 2024 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).