देश की खबरें | दो मार्च : ‘भारत कोकिला’ सरोजिनी नायडू का निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इतिहास में दो मार्च 1949 का दिन सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि के रूप में दर्ज है। राजनीतिक कार्यकर्ता, महिला अधिकारों की समर्थक, स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पहली भारतीय महिला अध्यक्ष सरोजिनी नायडू को उनकी ओजपूर्ण लेखनी और प्रभावी वाणी के कारण ‘भारत कोकिला’ कहा गया।
नयी दिल्ली, दो मार्च इतिहास में दो मार्च 1949 का दिन सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि के रूप में दर्ज है। राजनीतिक कार्यकर्ता, महिला अधिकारों की समर्थक, स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पहली भारतीय महिला अध्यक्ष सरोजिनी नायडू को उनकी ओजपूर्ण लेखनी और प्रभावी वाणी के कारण ‘भारत कोकिला’ कहा गया।
हैदराबाद में 13 फरवरी 1879 को जन्मीं सरोजिनी के पिता अघोरेनाथ चट्टोपाध्याय हैदराबाद के निजाम कॉलेज के प्राचार्य थे। सरोजिनी ने यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास के अलावा लंदन के किंग्स कॉलेज और उसके बाद कैंब्रिज के गिरटन कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की।
उन्होंने देश की आजादी के संघर्ष में शिरकत की और आजादी के बाद उन्हें ‘यूनाइटेड प्रोविंसेज’ (वर्तमान में उत्तर प्रदेश) का राज्यपाल बनाया गया। उन्हें देश की पहली महिला राज्यपाल होने का भी गौरव हासिल है। उनकी लेखनी ने भी देश के बुद्धिजीवियों को प्रभावित किया।
देश-दुनिया के इतिहास में दो मार्च की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1498 : पुर्तगाली यात्री वास्को डी गामा और उसका बेड़ा भारत की तरफ अपनी पहली यात्रा के दौरान मोजाम्बीक द्वीप पहुंचा।
1807 : अमेरिकी कांग्रेस ने एक कानून पास किया, जिससे देश में गुलामों के आयात पर रोक लगा दी गई। इसे दास प्रथा की समाप्ति की दिशा में अहम कदम माना जाता है।
1931 : सोवियत नेता मिखाइल गोर्बाचेव का जन्म, जिन्हें सुधारों की शुरुआत के लिए जाना जाता है।
1969 : ब्रिटेन के सुपरसॉनिक विमान कॉनकॉर्ड ने पहली सफल उड़ान भरी। बताया गया कि विमान को 2080 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक उड़ाया जा सकता है।
1970 : रोडेशिया के प्रधानमंत्री इयान स्मिथ ने ब्रिटिश साम्राज्य के साथ अपना अंतिम संपर्क समाप्त करते हुए देश को गणराज्य घोषित किया।
1991 : श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक कार बम विस्फोट में देश के रक्षा उप मंत्री रंजन विजयरत्ने सहित कुल 19 लोगों की मौत।
2008 : पाकिस्तान के डेरा आदमखेल में स्थानीय आतंकवादियों के खिलाफ बल के गठन पर विचार के लिए बुलाई गई कबीलों के बुजुर्गों की बैठक में बम फटने से 42 लोगों की मौत और 58 घायल।
2009 : निर्वाचन आयोग ने 15वीं लोकसभा के चुनाव 5 चरणों में 16 अप्रैल से 13 मई के बीच कराने का ऐलान किया।
2023: संयुक्त राष्ट्र ने जिनेवा बैठकों में भगोड़े नित्यानंद के कैलासा का ‘अप्रासंगिक’ अभिवेदन खारिज किया।
2024: भारत की शीर्ष महिला टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना आईटीएफ महिला ओपन की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में गैर वरीय येओनवू कू से सीधे सेटों में हार गईं लेकिन कजाकिस्तान की जोड़ीदार झिबेक कुलम्बायेवम के साथ युगल खिताब जीतने में सफल रहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2025 10:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

