देश की खबरें | उप्र के मुख्यमंत्री समेत कई प्रमुख नेताओं ने प्रधानमंत्री को दी जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं

लखनऊ,17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत अनेक प्रमुख नेताओं ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री आज 73 साल के हो गए।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘‘मां भारती के परम उपासक, 'नए भारत' के शिल्पकार, 'विकसित भारत' के स्वप्नद्रष्टा, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के प्रति संकल्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!’’

राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताया और उनके अच्छे स्वास्थ्य तथा दीर्घायु होने की कामना की।

उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा,‘‘ नव विचारधारा के संवर्धक, देश के प्रति सदैव समर्पित, राष्ट्रहित में अनेक ऐतिहासिक फैसलों के प्रणेता प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं...।’’

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई के साथ ही सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएं दीं।

मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्‍स' पर अपने संदेश में कहा, ''सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनायें।'' उन्होंने सिलसिलेवार पोस्ट में कहा ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को आज उनके 73वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं उनके लम्बे उम्र की कामना।''

बसपा प्रमुख ने आगे कहा, ''साथ ही, नए संसद परिसर में आज ध्वजारोहण तथा कल से वहाँ शुरू हो रहे विशेष सत्र की सभी सांसदों को हार्दिक बधाई। नया संसद भवन लोकतंत्र की मजबूती व परम पूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव आम्बेडकर के मानवतावादी संविधान के उद्देश्यों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा, ऐसी आशा।''

मायावती ने अपने पोस्ट में सुझाव देते हुए यह भी कहा '' वैसे कमरतोड़ महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, लाचारी आदि के अभिशप्त जीवन से मुक्ति तथा आंतरिक व बाहरी सुरक्षा जैसे देश व जनहित के ज्वलंत मुद्दों पर नई संसद का सत्र अगर समर्पित होता है तो लोगों में उम्मीद की किरण जगेगी। कश्मीर में अफसरों/जवानों की शहादत को भी गंभीरता से लेना जरूरी।''

उधर, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र (वाराणसी) में वाराणसी दक्षिण सीट से विधायक नीलकंठ तिवारी ने काशी के 73 बटुकों के साथ गंगा में दुग्धाभिषेक कर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं ने गीतों के माध्यम से लमही के सुभाष भवन में बधाई कार्यक्रम आयोजित किया और 73 दीप जलाए, मोदी के तस्वीर की आरती उतारी और सोहर गाया।

मोदी के जन्मदिन पर मुस्लिम महिला फाउंडेशन की महिलाओं ने रंगोली बनाई, मोदी की तस्वीर को लड्डू खिलाया और नारा लगाया ‘मुस्लिम बहनें करे पुकार, हर जगह हो मोदी सरकार’ और 73 दीप जलाकर प्रधानमंत्री की लम्बी उम्र की कामना की।

इस अवसर पर मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी एवं विशाल भारत संस्थान की केन्द्रीय परिषद की नेता नजमा परवीन ने घोषणा की कि 10 हजार मुस्लिम महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर मुस्लिम महिला अधिकार दिवस देने के लिये शुक्रिया कहेंगी और दुनिया भर की मुस्लिम महिलाओं की अपेक्षा भारत की मुस्लिम महिलाओं को ताकतवर बनाने के लिये धन्यवाद कहेंगी। उन्होंने कहा कि वे अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों को भी चिट्ठी लिखकर मोदी की तरह मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा के लिये काम करने के लिए कहेंगी।

मेरठ से मिली खबर के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आईआईएमटी समूह के डीडीयूएमसी संस्थान के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यूनिफॉर्म में जी ट्वेंटी मानव श्रृंखला बनाई। इस मौके पर ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, मेरठ के सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज और जिलाधिकारी दीपक मीणा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)